'अमेरिका में युद्ध छेड़ने की न क्षमता है, न हिम्मत', ड्रोन अटैक के दावे के बीच ईरान की US को खुली चुनौती
ईरान ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी है, दावा किया है कि दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए और एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया।
-1795890511090_m.webp)
ईरान की अमेरिका को खुली चुनौती (जागरण)
HighLights
ईरान ने दो तेल टैंकरों पर हमले का दावा किया।
अमेरिकी निगरानी ड्रोन को होर्मुज के ऊपर मार गिराया गया।
ईरान ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने दावा किया है कि खासाब बंदरगाह के मुहाने पर अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। इनमें से एक टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आइआरजीसी) की नौसेना के मुताबिक, दोनों जहाजों ने अपनी लोकेशन बताने वाले सिस्टम बंद कर रखे थे और गुप्त रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।
वहीं, ईरानी सेना ने होर्मुज के ऊपर एक निगरानी ड्रोन को वायु रक्षा प्रणाली से मार गिराने का भी दावा किया है। ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी है।
अल जजीरा के अनुसार, प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा अरेफ ने कहा कि अमेरिका ईरान की सरकार गिराने की कोशिशों में नाकाम रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद ईरान के पास दूसरे सीमा मार्गों से व्यापार जारी रखने के विकल्प हैं।
वहीं, सेना के उप-कमांडर ब्रिगेडियर जनरल नोजर नेमती ने कहा कि अमेरिका में ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध छेड़ने की न तो क्षमता है और न ही इच्छा। ऐसा करने पर उसे कड़ी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
उत्तरी हिंद महासागर तक नियंत्रण का दावा
एएनआइ के अनुसार, ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने दावा किया कि ईरानी नौसेना पूर्वी होर्मुज से उत्तरी हिंद महासागर तक रणनीतिक समुद्री क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा कर रही है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल शाहराम ईरानी ने अमेरिकी नाकेबंदी को वाशिंगटन की विफलता का संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि ईरानी बंदरगाह चालू हैं और जहाजों को नौसैनिक सुरक्षा दी जा रही है।
अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमले का दावा भी किया गया, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बड़े हमले हुए तो और चौंकाने वाले कदम उठाएगा ईरान
पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोगदाम ने चेतावनी दी है कि अमेरिका ने बड़े हमले दोबारा शुरू किए तो तेहरान के पास और भी चौंकाने वाले जवाब होंगे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और कतर के माध्यम से दोनों देशों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान जारी है, हालांकि बातचीत की गति धीमी हुई है।
इस बीच, अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के ऊर्जा बचाने के संदेश पर तंज कसा। उन्होंने उस मीडिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें राष्ट्रपति को कम रोशनी और सीमित तापमान वाले कार्यालय में काम करते दिखाया गया था। ईरान ने इस वीडियो को ऊर्जा बचाने की अपील का हिस्सा बताया था।
रायटर के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने कुवैत में ड्रोन हमले में दो इतालवी नागरिकों की मौत पर चिंता जताई और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की। वहीं, यमन के तट के पास अदन की खाड़ी में हथियारबंद लोगों ने एक मालवाहक जहाज पर कब्जा कर लिया था।
ब्रिटिश समुद्री निगरानी एजेंसी के मुताबिक, कुछ समय बाद हमलावर जहाज छोड़कर चले गए और सभी नाविक सुरक्षित हैं। जहाज अपने अगले बंदरगाह के लिए रवाना हो गया।
यह भी पढ़ें- इराक बना भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर, नंबर 1 पर कौन?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।