'IAF को समय पर की गई 36 राफेल की आपूर्ति', फ्रांसीसी राजदूत बोले- लोगों ने अतिरिक्त शिफ्ट में किया काम
फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनैन ने राफेल की डिलीवरी से जुड़े सवाल पर कहा कि बेशक मेरा मतलब है कि वायुसेना के लिए 36 राफेल विमान की कोविड महामारी या किसी अन्य चीज के बावजूद समय पर डिलीवरी की गई। हमारे उद्योग में लोगों ने भारतीय वायुसेना को समय पर डिलीवरी देने के लिए दिन-रात और सप्ताहांत में अतिरिक्त शिफ्ट में काम किया।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय वायुसेना की ताकत सुदृढ़ करने वाले 'राफेल' की फ्रांस ने समय पर आपूर्ति की। जिसकी बदौलत 36 राफेल लड़ाकू विमान हिंदुस्तान की सीमाओं के प्रहरी बने हुए हैं। इस बीच, भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन का बयान सामने आया। जिसमें उन्होंने समय पर की गई 36 राफेल लड़ाकू विमान आपूर्ति की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत को कोविड-19 महामारी की बावजूद समय पर सभी 36 राफेल विमानों की आपूर्ति की गई। हालांकि, भारत को लड़ाकू विमान की आपूर्ति करने के लिए उद्योग में लोगों ने अतिरिक्त शिफ्ट में काम किया।
क्या कुछ बोले फ्रांसीसी राजदूत लेनैन?
बकौल एजेंसी, फ्रांसीसी राजदूत ने राफेल की डिलीवरी से जुड़े सवाल पर कहा कि बेशक, मेरा मतलब है कि वायुसेना के लिए 36 राफेल विमान की कोविड महामारी या किसी अन्य चीज के बावजूद समय पर डिलीवरी की गई। हमारे उद्योग में लोगों ने भारतीय वायुसेना को समय पर डिलीवरी देने के लिए दिन-रात और सप्ताहांत में अतिरिक्त शिफ्ट में काम किया।
फ्रांसीसी दूत ने 'विश्वास' को भारत और फ्रांस के बीच साझेदारी का मूल बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच यह रिश्ता उन्हें दांव लगाने और संयुक्त रूप से प्रौद्योगिकियों को विकसित करने और एक-दूसरे के लिए प्रतिबद्ध होने की अनुमति देता है।
PM मोदी का फ्रांस दौरा
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी फ्रांस दौरे की भी चर्चा हो रही है। बता दें कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 14 जुलाई को फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर सम्मानित अतिथि होंगे।
बैस्टिल दिवस पर भारतीय सैन्य दस्ता भी मार्चिंग दल का हिस्सा होगा। भारतीय वायुसेना (IAF) के तीन राफेल लड़ाकू विमान परेड के दौरान उड़ान भरेंगे।
कई समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर
भारत में फ्रांसीसी राजदूत ने कहा कि भारत और फ्रांस कई वाणिज्यिक समझौतों पर काम कर रहे हैं, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यूरोपीय राष्ट्र यात्रा के दौरान भारत और फ्रांस उच्च प्रौद्योगिकी में सहयोग करेंगे और संयुक्त उत्पादन का लक्ष्य रखेंगे।
खासियत
राफेल 4.5 पीढ़ी का लड़ाकू विमान है। जिसमें उन्नत रडार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमताओं के साथ लंबी दूरी की 'हवा से हवा' और 'हवा से सतह' मारक क्षमता वाली मिसाइलें हैं। राफेल भारतीय वायु सेना में शामिल किए गए नवीनतम लड़ाकू विमान हैं और पूरे एशियाई क्षेत्र में सबसे शक्तिशाली माने जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि 36 राफेल पूरी तरह से शामिल किए जा चुके हैं और उन्होंने पाकिस्तान और चीन से लगी दोनों सीमाओं पर देश की परिचालन तैयारियों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।