यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ओलांद के भोज में लाल साड़ी में पहुंची ऐश्वर्या, फिल्मों पर भी हुई चर्चा
गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की ओर से मंगलवार को दिए गए भोज में ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की ओर से मंगलवार को दिए गए भोज में अभिनेत्री एश्वर्या राय आकर्षक लाल रंग की बनारसी साड़ी में सजधज कर पहुंची थी। इस भोज में ऐश्वर्या की पूरी मेहमाननवाजी की गई।
फ्रांस के राष्ट्रपति ने उन्हें मेज पर अपने साथ बिठाया। मेजबान के साथ बातचीत में अभिनेत्री का ज्यादा जोर कान से लेकर फिल्मों से जुड़े उनके अनुभव पर केंद्रित रहा।अपनी फिल्म 'सरबजीत' में व्यस्त ऐश्वर्या शूटिंग बीच में छोड़कर पहुंची थी। ओलांद के सम्मान में यह भोज फ्रांस के राजदूत फ्रांस्वा रीचर ने दिया था। रीचर ने इस भोज का न्योता 42 वर्षीया अभिनेत्री को दिया था। राजपथ पर रंगारंग गणतंत्र दिवस परेड के समापन के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति को इस भोज में शामिल होना था।
इस समारोह में ऐश्वर्या के आकर्षण का कारण सिर्फ उनकी लाल बनारसी साड़ी ही नहीं थी। उन्होंने पोलकी आभूषण पहन रखा था और इस अवसर के लिए उनकी केश सज्जा भी खास ही थी। होठों पर लाल रंग की लिपस्टिक उन्हें और भव्य बना रही थी। ऐश्वर्या की साड़ी डिजाइनर जोड़ी स्वाति और सुनैना ने तैयार की थी। मलबरी सिल्क धागे से बुनी साड़ी पर सोने का पानी चढ़ा शुद्ध चांदी के तारों से कढ़ाई की गई थी। फ्रांस से ऐश्वर्या का गहरा रिश्ता रहा है।
फ्रांस की सरकार से उन्हें सिविलियन अवार्ड नाइट ऑफ दी आर्डर ऑफ आर्टस एंड लेटर्स मिल चुका है। 'हम दिल दे चुके सनम', 'धूम 2', 'गुरु' और 'देवदास' जैसी फिल्मों में प्रमुख भूमिका निभा चुकी ऐश्वर्या फ्रांस की सौंदर्य प्रसाधन एवं ब्यूटी कंपनी की ब्रांड अंबेसडर भी हैं।इस भोज में ऐश्वर्य के अलावा रीतू बेरी भी अतिथि थीं। रीतू को भारत-फ्रांस सांस्कृतिक संबंध को मजबूत बनाने में योगदान के लिए फ्रांस सरकार द्वारा सर्वोच्च सिविलियन अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनके अलावा मनीष अरोड़ा और अन्य राजनेता व कारोबारियों को भी आमंत्रित किया गया था।