PM मोदी का वीडियो हटाने पर मेटा ने केंद्र सरकार को लिखी चिट्ठी, दिया सुरक्षा का भरोसा
मेटा ने प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों के अकाउंट से पोस्ट की जाने वाली सामग्री के लिए सख्त सुरक्षा उपायों का विवरण देते हुए सरकार को पत्र लिखा है।

पीएम मोदी के वीडियो विवाद को लेकर मेटा क्या कहा?
HighLights
मेटा ने सरकार को पीएम मोदी की पोस्ट सुरक्षा पर लिखा पत्र।
प्रमुख हस्तियों के अकाउंट पर अब होगी अतिरिक्त निगरानी और समीक्षा।
पीएम मोदी की पोस्ट हटाने को तकनीकी गड़बड़ी बताकर मांगी थी माफी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेट मीडिया कंपनी मेटा ने बुधवार को सरकार को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों के अकाउंट से पोस्ट की जाने वाली सामग्रियों के लिए लागू किए गए सख्त सुरक्षा उपायों का विवरण दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाए जाने की घटना के बाद यह विवरण दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, मेटा ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय को सूचित किया कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों के अकाउंट से पोस्ट की गई सामग्री पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी और उनकी समीक्षा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के कई स्तर पर की जाएगी।
अगले हफ्ते हो सकती है अधिकारियों से मुलाकात
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाने से जुड़े मामले में मेटा की टीम इस सप्ताह या अगले सप्ताह की शुरुआत में सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर सकती है। इस संदर्भ में प्रेट्र की ओर से मेटा को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला है।
सरकार ने मेटा को किया था तलब
मेटा फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म का संचालन करती है। सरकार ने पीएम मोदी की एक फेसबुक पोस्ट को थोड़ी देर के लिए हटाए जाने के मामले में मंगलवार को मेटा के एक शीर्ष कार्यकारी अधिकारी को तलब किया था।
पीएम ने 23 जुलाई की इस पोस्ट में युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि अमेरिका स्थित इस इंटरनेट मीडिया कंपनी ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए माफी मांगी थी। जबकि आइटी मंत्रालय ने इस स्पष्टीकरण को अपर्याप्त माना था।
