यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देशभर में धूमधाम से मना विजयादशमी का पर्व
देशभर में बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व विजयादशमी पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने एक-दूसरे को शमी की पत्तियां देकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कहीं-कहीं रामलीला के आयोजन भी हुए।

नई दिल्ली। देशभर में बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व विजयादशमी पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने एक-दूसरे को शमी की पत्तियां देकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कहीं-कहीं रामलीला के आयोजन भी हुए।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के सुभाष मैदान में रावण दहन के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुई। सभी ने रामलीला में राम-लक्ष्मण बने पात्रों को तिलक लगाया और उनकी आरती उतारी। उसके बाद यहां रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। छोटों ने बड़ों के चरण स्पर्श पर आशीर्वाद लिया। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान पर भी रावण दहन का आयोजन हुआ। यहां भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देश के लगभग सभी शहरों में रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पटना में मुख्य गांधी मैदान पर 60 फीट के रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां भी कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। लंका दहन का आयोजन भी हुआ। यहां करीब पांच लाख लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और एक दूसरे को बधाई शुभकामनाएं दीं। इनमें राज्य के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी शामिल थे।