विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा पांचवां काशी तमिल संगमम् : प्रल्हाद जोशी

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:29 PM (IST)

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पांचवें काशी तमिल संगमम् (केटीएस 5.0) की घोषणा की, जो 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 5वां काशी तमिल संगमम् 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा।

  2. तमिलनाडु और काशी के प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करेगा यह।

  3. 'थिरुक्कुरल पेइलवोम' थीम पर आधारित होगा यह संगमम्।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गुरुवार को बताया कि पांचवां काशी तमिल संगमम् (केटीएस 5.0) 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देना है।

शिक्षा मंत्री ने काशी तमिल संगमम् के लिए पंजीकरण पोर्टल की भी शुरुआत की। जोशी ने कहा, प्राचीन काल से ही देश में मजबूत सांस्कृतिक एकता रही है। धार्मिक परंपराओं के तहत लोग काशी और रामेश्वरम जाते रहे हैं। यह भारत के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।

मंत्री ने कहा, काशी तमिल संगमम् में विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया पेशेवर, किसान, कलाकार, महिलाएं और आध्यात्मिक विद्वान भाग लेंगे। विद्यार्थियों को काशी तमिल संगमम के उद्देश्यों से परिचित कराने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक जागरूकता संबंधी पहल भी की जाएंगी।

पहला काशी तमिल संगमम 2022 में आयोजित किया गया था। काशी तमिल संगमम् ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केटीएस 5.0 की थीम थिरुक्कुरल पेइलवोम - तिरुक्कुरल अभ्यास करें है। इसका उद्देश्य शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की कालातीत नैतिक और चारित्रिक शिक्षाओं को देशभर के युवाओं और शिक्षार्थियों तक पहुंचाना है।

तमिलनाडु के विशेषज्ञ वाराणसी के विभिन्न स्कूलों और कालेजों में जाकर संवादात्मक कार्यक्रमों, प्रश्नोत्तरी आदि के जरिए विद्यार्थियों को इस ग्रंथ से परिचित कराएंगे। इच्छुक आवेदक 22 अक्टूबर से 13 नवंबर तक आइआइटी मद्रास के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

यह भी पढ़ें- 'नफरत भरी कार्रवाई', शिक्षकों को सस्पेंड करने पर कर्नाटक सरकार पर भड़के शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी