आप भी तो नहीं कर रहे नकली अदरक-लहसुन पेस्ट का इस्तेमाल? हैदराबाद में 4000 KG मिलावटी माल जब्त
हैदराबाद में फूड सेफ्टी रेड के दौरान 4,000 किलो से अधिक मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट जब्त किया गया। SKR फूड प्रोडक्ट्स ...और पढ़ें
HighLights
हैदराबाद में 4,032 किलो मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट जब्त।
SKR फूड प्रोडक्ट्स यूनिट का मालिक हसन अली रूपानी गिरफ्तार।
घटिया कच्चा माल, एडिटिव्स का उपयोग, 22 लाख का सामान जब्त।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हैदराबाद में मंगलवार को फूड सेफ्टी को लेकर की गई रेड में बड़ी मात्रा में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट का पता चला है। जिसकी सप्लाई रेस्टोरेंट और रिटेल आउटलेट्स को की जा रही थी। इससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। जानकारी के अनुसार कमिश्नर की टास्क फोर्स, खैरताबाद जोन ने हैदराबाद की H-Fast टीम के साथ मिलकर इसका पता लगाया।
घटिया क्वालिटी का 6000 किलो कच्चा माल जब्त
शहर के कत्तेदान में स्थित SKR फूड प्रोडक्ट्स नाम की यूनिट गंदे हालात में चलाई जा रही थी। इस यूनिट में घटिया क्वालिटी का कच्चा माल, एसिटिक एसिड और जैंथन गम जैसे एडिटिव्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके साथ ही फूड सेफ्टी के सही मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
अधिकारियों ने मौके से 4,032 किलोग्राम से ज्यादा मिलावटी पेस्ट, 6,210 किलोग्राम घटिया क्वालिटी का कच्चा माल और लगभग 22 लाख रुपये की कीमत का अन्य संबंधित सामान ज़ब्त किया है।
X पर पोस्ट कर पुलिस ने दी जानकारी
हैदराबाद सिटी पुलिस ने X पर फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। पुलिस टीम ने यूनिट के मालिक, 55 साल के हसन अली रूपानी को मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और जब्त किए गए सामान को आगे की कार्रवाई के लिए मैलारदेवपल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट मिलने का यह पहला मामला नहीं
बता दे कि हैदराबाद में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट के उत्पादन से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है। मार्च में, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बोराबंदा इलाके का निरीक्षण किया था। वहां भी मिलावटी पेस्ट तैयार किया जा रहा था।
इससे पहले, मल्लेपल्ली में भी जांच के दौरान, अधिकारियों ने लगभग 1,090 किलोग्राम मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट, 875 किलोग्राम कच्चा अदरक और लहसुन, मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाले रसायन, पीसने के उपकरण और एक मोबाइल फोन जब्त किया था।
यह भी पढ़ें- हैदराबाद: कब्रिस्तान में छुपाए गए 414 एलपीजी सिलिंडर जब्त, 10 गिरफ्तार
