नायडू की मौजूदगी में 'पुष्करम' महोत्सव में मची भगदड़, 27 की मौत
गोदावरी नदी के तट पर आयोजित 'पुष्करम' महोत्सव के पहले ही दिन भगदड़ मच जाने के कारण 27 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। मंगलवार सुबह साढ़े सात से आठ बजे के बीच यह हादसा हुआ। उस समय आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी
राजमुंदरी। गोदावरी नदी के तट पर आयोजित 'पुष्करम' महोत्सव के पहले ही दिन भगदड़ मच जाने के कारण 27 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। मंगलवार सुबह साढ़े सात से आठ बजे के बीच यह हादसा हुआ। उस समय आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी घाट पर ही मौजूद थे। वे भी 'पुष्करम' स्नान के लिए ही राजमुंदरी आए थे। हादसे के बाद उन्होंने खुद राहत और बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी। इससे पहले उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे के साथ गोदावरी में स्नान किया। राज्य के विपक्षी नेताओं ने सरकार पर महोत्सव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री चिरंजीवी ने कहा कि नायडू ने तैयारियों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन समय आने पर उसकी कलई खुल गई। नायडू ने मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। राजमुंदरी के उप जिलाधिकारी विजय रामराजू ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर बुजुर्ग महिलाएं हैं।
144 साल बाद विशेष योग
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में नदियों की पूजा को समर्पित 'पुष्करम' का आयोजन 12 साल पर किया जाता है। लेकिन ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस बार 'महापुष्करम' का योग है, जो 144 सालों में एक बार आता है। 'पुष्करम' मेले को दक्षिण में कुंभ का दर्जा हासिल है और इस मौके पर दूर-दूर से श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए आते हैं। मंगलवार को पहले दिन स्नान करने वालों में कांची पीठ के शंकराचार्य जयेंद्र सरस्वती भी शामिल थे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने करीमनगर जिले के धरमपुरी जिले में स्नान कर राज्य में महोत्सव का शुभारंभ किया।
मोदी-सोनिया ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई अन्य नेताओं ने 'पुष्करम' महोत्सव में श्रद्धालुओं की मौत पर शोक जताया है। मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि राजमुंदरी में श्रद्धालुओं की मौत से व्यथित हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के लिए प्रार्थना। कांग्रेस अध्यक्ष ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा है कि राज्य सरकार को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाना चाहिए। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्विटर पर कहा कि वे राजमुंदरी की घटना से बहुत दुखी है।
ये भी पढ़ेंः मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हाइटेंशन लाइन से फैला करंट, भगदड़
ये भी पढ़ेंः बांग्लादेशः मुफ्त कपड़ों-बर्तन के लिए मची भगदड़, 23 की मौत