Kerala: पिता के डांटने से नाराज हुआ 15 साल का लड़का, अपने पिता पर किया हथौड़े से वार
केरल में एक 15 साल के लड़के को उसके पिता ने किसी बात पर डांटा तो लड़के ने अपने पिता पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले के दौरान पिता किसी तरह से अपनी जान बचाकर कमरे से बाहर भागे। इतना ही नहीं हमला करने के बाद लड़के ने कमरे में फांसी लगाने की भी कोशिश की। जिसके बाद स्थानीय लोग और पुलिस ने उसे बचाया।
तिरुवनंतपुरम (केरल), एजेंसी। केरल में एक 15 वर्षीय लड़के ने अपने पिता को एस झगड़े के दौरान मारने का प्रयास किया। इसके बाद लड़के ने खुद को भी मारने का प्रयास किया।
बता दें कि यह घटना शनिवार को जिले के पोथेनकोड में हुई। कथित तौर पर किसी कारण से लड़के के पिता उसे डांट रहे थे तो इसी दौरान लड़के ने उन पर हमला कर दिया।
पिता द्वारा डांटने पर लड़के ने किया वार
एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि ऐसा लगता है कि पिता द्वारा लड़के को डांटने पर लड़के ने अपने पिता पर हमला किया है और उनके सिर पर हथौड़े से कई बार वार किया।
पुलिस ने बताया कि हमला होने के दौरान लड़के के पिता किसी तरह से अपनी जान बचाते हुए कमरे से बाहर भाग गए और अपनी जान बचाई।
दोनों है अस्पताल में भर्ती
इसके बाद लड़के ने कमरे के अंदर फांसी लगाने की भी कोशिश की, लेकिन आस पास के लोग और मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़के को बचा लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों का तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।