Move to Jagran APP

प्रचार के आखिरी दिन हल्द्वानी पहुंचे CM धामी, वोटरों को साधने की कोशिश; मुस्लिम महिलाओं ने UCC के लिए किया धन्यवाद

लोकसभा चुनाव प्रचार का अंतिम दिन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रोड शो के लिए हल्द्वानी पहुंचे थे। सीएम के इस रोड शो में काफी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी पहुंची थीं। इन महिलाओं के हाथ में तख्तियां थीं जिसमें लिखा था समान नागरिक संहिता के लिए धामी जी का धन्यवाद। साथ ही धाकड़ धामी जिंदाबाद के नारे भी लगाए जा रहे थे...

By ganesh joshi Edited By: Riya Pandey Published: Wed, 17 Apr 2024 10:17 PM (IST)Updated: Wed, 17 Apr 2024 10:17 PM (IST)
CM धामी ने प्रचार के अंतिम दिन हल्द्वानी से कुमाऊं भर में पार्टी पक्ष में बनाया माहौल

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव प्रचार का अंतिम दिन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रोड शो के लिए हल्द्वानी पहुंचे थे। उन्होंने कुमाऊं के सबसे बड़े शहर हल्द्वानी से पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। सीएम के इस रोड शो में काफी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी पहुंची थीं। इन महिलाओं के हाथ में तख्तियां थीं, जिसमें लिखा था, समान नागरिक संहिता के लिए धामी जी का धन्यवाद।

loksabha election banner

साथ ही धाकड़ धामी जिंदाबाद के नारे भी लगाए जा रहे थे। वैसे यूसीसी कानून की वजह से धामी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में हैं। इस तरह का कानून बनाने वाला उत्तराखंड पहला राज्य भी बन चुका है। महिलाओं ने इसे समाजहित में बताया।

सीएम धामी के पहुंचते ढोल और दमाऊ की धुन पर शिरके लोग

एक ओर चुनावी गर्मी और ऊपर से तपती दुपहरी फिर भी सड़कों पर पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। सीएम धामी के कालाढूंगी रोड स्थित पशु चिकित्सालय के पास पहुंचते ही ढोल नगाड़ों के साथ ही छलिया नृत्य की धुन तेज हो गई। कोई ढोल पर तो कोई दमाऊ की धुन पर थिरकने लगा।

जैसे ही खुली कार में सवार सीएम का प्रचार रथ आगे बढ़ा, रोड शो का यह चुनावी माहौल उत्सवी हो गया। छलिया नृत्य के जरिये इसमें परंपरा के रंग नजर आने लगे। सीएम लोगों पर और लोग सीएम पर फूल बरसा रहे थे। इसके जरिये स्पष्ट संदेश दिया जा रहा था कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है। इसे उत्सव की तरह मनाएं।

मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन किया स्वीकार

इसी के साथ सीएम अपने हाथ में कमल का फूल भी लिए हुए थे, जिसके जरिये वह 19 अप्रैल को पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील भी करते हुए चल रहे थे। उनका संदेश था कि परंपरा, संस्कृति, उत्सव, गीत-संगीत के साथ ही आपको पार्टी के पक्ष में मतदान करना है। मुस्कुराते हुए वह दो घंटे तक हल्द्वानी की मुख्य सड़क पर रोड शो करते हुए लोगों से मिलते रहे। अभिवादन स्वीकार करते रहे।

पूरे रोड शो में महिला कार्यकर्ता चुनावी गीतों पर झूमते रहीं। कई महिलाएं कमल का फूल से सजी साड़ियां पहनी हुई थीं। इस बीच मुस्लिम महिलाएं भी शामिल रहीं। यही नहीं सीएम ने कुमाऊं के मुख्य बाजार हल्द्वानी से कुमाऊं की दोनों संसदीय सीटों के मतदाताओं को साधने की कोशिश की। राष्ट्रहित व समाजहित के लिए फिर से मोदी को प्रधानमंत्री बनने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।   प्रचार समाप्त होने पर सीएम ने तिकोनिया में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

रोड शो में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्य, निवर्तमान मेयर डा. जोगेंद्र रौतेला, मंडी परिषद अध्यक्ष डा. अनिल कपूर डब्बू, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, प्रदीप बिष्ट, चंदन बिष्ट, दीपक मेहरा, हरिमोहन अराेरा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, प्रकाश रावत, नवीन भट्ट, रंजन बर्गली, रेनू अधिकारी, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेश शर्मा, महेंद्र अधिकारी, गौरव जोशी, चतुर बोरा, सचिन शाह, मजहर नईम नवाब आदि शामिल रहे।

रोड शो की सफलता पर निवर्तमान मेयर रौतेला की थपथपाई पीठ

नगर निगम हल्द्वानी के दो बार मेयर रह चुके डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रोड शो का संयोजक बनाया गया था। रौतेला इस रोड शो की सफलता के लिए पिछले कई दिनों से लोगों से जनसंपर्क कर रहे थे और रणनीति तैयार कर रहे थे। बुधवार को जब मुख्यमंत्री रोड शो करने पहुंचे तो यहां की व्यवस्था और कार्यकर्ताओं का उत्साह देख काफी गदगद नजर आए।

रोड शो के दौरान उनके साथ निवर्तमान मेयर भी कार पर सवार थे। रोड शो समाप्त होते ही उन्होंने शानदार आयोजन के लिए उनकी पीठ थपथपाई। इस रोड शो में लोक संस्कृति के रंग भी दिखे और पार्टी के प्रचार का स्टाइल भी नजर आया। वहीं प्राचीन शिव मंदिर समिति की ओर से रोड शो का स्वागत किया गया।

हल्द्वानी के सह प्रभारी हरिमोहन अरोरा व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, हिमांशु मिश्रा ने धामी को तलवार भेंट की। शिव कपूर व अमित आसवनी ने स्वागत किया। इसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाला जायसवाल, अनिल अग्रवाल, सूरज प्रकाश, पूरन सागर, बालकिशन अग्रवाल, दीपू अग्रवाल, सुनील गुप्ता, राजेश जायसवाल आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें-  Election 2024: प्रथम चरण के मतदान को लेकर सीमाओं पर भी बढ़ी सख्ती, कल बार्डर हो जाएंगे सील; चेकिंग के बाद मिलेगा परमिशन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.