जयंत चौधरी के बाद अब BJP अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले मोहम्मद शमी, चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर तेज गेंदबाज ने तोड़ी चुप्पी
क्रिकेटर मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री की चर्चाएं तेज हो गई हैं, उन्होंने पहले रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी और अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। हालांकि शमी ने इन मुलाकातों को निजी बताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करते क्रिकेटर मोहम्मद शमी
HighLights
दिल्ली में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी साथ रहे
जागरण संवाददाता, अमरोहा। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की राजनीति में इंट्री को लेकर फिर से चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पहले रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी तो अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनकी मुलाकात चर्चा में है।
शनिवार रात दिल्ली में दोनों की मुलाकात हुई है। हालांकि मोहम्मद शमी ने इस मुलाकात को राजनीति से अलग हटकर निजी बताया है। परंतु राजनीतिक गलियारों में शमी के चुनावी मैदान में उतरने के कयास को बल मिल रहा है।
अमरोहा के गांव सहसपुर अलीनगर निवासी क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से सन्यास की घोषणा की थी। उसके बाद यह माना जा रहा था कि शमी अब राजनीति में उतरेंगे।
दो महीना पहले रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से उनकी व उनके भाई हसीब अहमद की मुलाकात के बाद चर्चा थी कि आगामी विस चुनाव मोहम्मद शमी अमरोहा सदर सीट से रालोद प्रत्याशी के रूप में लड़ सकते हैं। परंतु उस समय शमी ने इससे इन्कार कर दिया था।
जयंत चौधरी से मुलाकात को उन्होंने निजी मुलाकात बताया था। इस क्रम में अब शनिवार रात को मोहम्मद शमी ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से दिल्ली में मुलाकात की।
लगभग आधा घंटा की इस मुलाकात में दोनों के बीच काफी बात हुई। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक जानकार शमी के चुनावी मैदान में उतरने से जोड़ रहे हैं। चर्चा है कि शमी ने भाजपा की सदस्य ग्रहण कर ली है।
हालांकि शमी ने दैनिक जागरण से हुई मोबाइल काल पर वार्ता में बताया कि यह मुलाकात निजी थी। राजनीति से इसका कोई मतलब नहीं है। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर उन्होंने कोई विचार नहीं किया है। अगर ऐसा होगा तो सभी को बताया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।