'EVM में कोई गड़बड़ न हो तो ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते', भाजपा के 400 पार वाले नारे पर बोलीं प्रियंका गांधी
Lok Sabha Election 2024 कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में आईएनडीआईए के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो किया। यह रोड शो सुबह 10 बजे चिलकाना रोड स्थित गोल कोठी से प्रारंभ होकर रायवाला जेबीएस इंटर कालेज लकड़ी बाजार कम्बोह का पुल रांघड़ों का पुल कुतुबशेर होते हुए गुरुद्वारा रोड पहुंचकर संपन्न होगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में आईएनडीआईए के कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो किया। बता दें, सहारनपुर सीट के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान किया जाएगा।
प्रियंका ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा, ''आज जो सत्ता में बैठे हैं, वह माता शक्ति और सत्य के उपासक नहीं हैं, 'सत्ता' के उपासक हैं। वो सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर जाएंगे। सत्ता के लिए सरकारें गिरा देंगे, विधायकों को खरीदेंगे, अमीरों को देश की संपत्ति दे देंगे। यह हमारे देश की परंपरा नहीं है।''
ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते: प्रियंका
भाजपा के 400 पार वाले नारे को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा, "या तो इन्होंने कुछ गड़बड़ पहले से कर रखी है कि इनको पता है कि इन्हें 400 पार मिलने वाले हैं... अगर देश में ऐसा चुनाव हो जिसमें ईवीएम में कोई गड़बड़ न हो तो मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते, उससे भी कम सीटें लेंगे।"
पीएम मोदी ने कहा था ''मेरे पास बड़ी योजनाएं हैं... किसी को डरने की जरूरत नहीं है। मेरे निर्णय किसी को डराने, दबाने के लिए नहीं हैं। वे देश के समग्र विकास के लिए हैं।'' इस बयान के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा, "उनके नेता हर जगह जाकर ये क्यों कह रहे हैं कि संविधान को बदलने वाले हैं? जब संविधान बदलेंगे तो आरक्षण का क्या होगा...सबके वोट के अधिकार का क्या होगा? इसका जवाब दें। ये कहना काफी नहीं है कि डरिए मत...हम तो वैसे भी नहीं डरते।"