झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची समेत कई जिलों में 27 सितंबर तक भारी बारिश और बिजली का अलर्ट
झारखंड में 22 से 27 सितंबर तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा, जिसमें रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भारत के पूर्व-मध्य और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनें कम दबाव के कारण झारखंड के कई हिस्सों में 22 से 27 सितंबर तक गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवा को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन की संभावना
वहीं मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को रांची में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में बारिश ट्रेस रही। राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है।
22 सितंबर को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
23 सितंबर को भारी बारिश के आसार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 23 सितंबर को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिले शामिल हैं। ऐसे में राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
24 सितंबर को भी बारिश का दौर
24 सितंबर को दक्षिणी झारखंड के सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के साथ उनसे सटे मध्य झारखंड के रांची, गुमला और खूंटी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और तेज हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है। 27 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
वज्रपात के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। तेज हवा के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। राजधानी में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।
