गुजरात में सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी: सूरत, नवसारी, भरूच और नर्मदा में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
गुजरात के विभिन्न शहरों में पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
HighLights
गुजरात के शहरों में पासपोर्ट, डाकघरों को बम धमकी।
सूरत, नवसारी, भरूच, नर्मदा में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय।
गहन तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात के विभिन्न शहरों में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से राज्यभर में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
सूरत, नवसारी, भरूच और नर्मदा जिलों में मिली इन अज्ञात धमकियों के बाद पुलिस प्रशासन और खुफिया विभागों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, घंटों चले गहन तलाशी अभियान के बाद किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
सूरत और नवसारी में हाई अलर्ट
सूरत के उमरा (पिपलोद) क्षेत्र स्थित पासपोर्ट कार्यालय और नानपुरा स्थित डाकघर को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (BDDS) ने दोनों कार्यालयों को खाली कराकर सघन जांच शुरू की।
इसी तरह, नवसारी के मुख्य डाकघर को भी ई-मेल के जरिए धमकी मिली थी। घंटों की कड़ी मशक्कत और चेकिंग के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली क्योंकि वहां कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला।
भरूच और नर्मदा में भी जांच अभियान
धमकी भरे ई-मेल की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग के निर्देश पर भरूच और नर्मदा जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
भरूચ डिवीजन के मुख्य डाकघर सहित जिले के सभी छोटे-बड़े डाकघरों में BDDS और स्थानीय पुलिस ने सघन तलाशी ली। सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की और आगंतुकों पर भी कड़ी नजर रखी।
वहीं, नर्मदा जिले के मुख्यालय राजपीपला में स्थित मुख्य डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र में भी धमकी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
नर्मदा जिले के उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र देवधा के सीधे मार्गदर्शन में राजपीपला टाउन पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और बम स्क्वायड की संयुक्त टीमों ने प्रवेश द्वार, पार्सल विभाग और आसपास के क्षेत्रों की जांच की।
जांच के दौरान कुछ समय के लिए कामकाज रोक दिया गया था, जिसे स्थिति सामान्य होने के बाद फिर से शुरू किया गया।
साइबर सेल की जांच जारी
वर्तमान में साइबर क्राइम ब्रांच सहित तकनीकी एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। यह धमकी भरा ई-मेल किस IP एड्रेस से भेजा गया है और इसके पीछे कौन से तत्व जिम्मेदार हैं, इसकी डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
यह भी पढ़ें- गुजरात: जिस नाबालिग के रेप का केस लड़ रहा था वकील, उसी का कर दिया बलात्कार
