WB 10th 12th Date Sheet 2027: बंगाल बोर्ड 10वीं-12वीं टाइम टेबल जारी, 2 मार्च से 12 अप्रैल तक होंगी परीक्षाएं!
पश्चिम बंगाल में 2027 की माध्यमिक और उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं की संभावित तिथियां सामने आई हैं। माध्यमिक परीक्षा 2 ...और पढ़ें

West Bengal Board Time Table 2027
HighLights
जनगणना ड्यूटी के कारण बोर्ड और परिषद ने शिक्षा विभाग को भेजा परीक्षा टालने का प्रस्ताव।
स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा- दोनों परीक्षाओं के अंतिम कार्यक्रम पर मुख्य सचिव लेंगे निर्णय।
जागरण संवाददाता, कोलकाता: पश्चिम बंगाल की अगले वर्ष होने वाली माध्यमिक (10वीं) और उच्च माध्यमिक (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं की संभावित तिथियां सामने आ गई हैं। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने गुरुवार को बताया कि माध्यमिक परीक्षा 2 मार्च से शुरू होकर 16 मार्च तक और उच्च माध्यमिक परीक्षा 19 मार्च से शुरू होकर 12 अप्रैल तक आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभी केवल एक प्रस्ताव है और दोनों परीक्षाओं के अंतिम कार्यक्रम पर अंतिम निर्णय राज्य के मुख्य सचिव लेंगे।
जनगणना कार्य के चलते आगे खिसक रहीं परीक्षाएं
गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2027 की माध्यमिक परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होनी थी। लेकिन जनवरी के अंतिम सप्ताह से जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू होने की संभावना है, जो फरवरी के अंतिम सप्ताह तक चल सकता है। इस कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं को जोड़ा जाएगा। ऐसे में पूर्व निर्धारित तिथियों के अनुसार फरवरी में परीक्षा लेने पर शिक्षकों की कमी होने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
भेजा गया प्रस्ताव, अंतिम मंजूरी का इंतजार
शिक्षक संकट से बचने के लिए पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने गत 2 नवंबर को ही परीक्षा 15 फरवरी के बजाय 2 मार्च से कराने का प्रस्ताव दिया था। इसी तरह उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से भी 19 मार्च से 12 अप्रैल के बीच परीक्षा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने बताया कि इस पर चर्चा के बाद प्रस्ताव को राज्य सचिवालय (नवान्न) भेज दिया गया है, जहां से अंतिम फैसला लिया जाएगा।