JNUEE नहीं अब CUCET से मिलेगा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्रवेश, पढ़ें पूरी खबर
JNU Admission in 2022 केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी की गयी ताजा NIRF रैंकिंग 2021 में देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों 9वां स्थान और विश्वविद्यालयों में सबसे उच्च पायदान प्राप्त जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में दाखिला की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।
नई दिल्ली, एजुकेशन डेस्क। इस वर्ष जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी की गयी ताजा NIRF रैंकिंग 2021 में देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों 9वां स्थान और विश्वविद्यालयों में सबसे उच्च पायदान प्राप्त जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में दाखिला की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश अब केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CUCET) के माध्यम से दिया जाएगा। जेएनयू प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय इस वर्ष शुरू होने वाले नये शैक्षणिक सत्र 2022-23 से ही लागू होगा।
बता दें कि पिछले सत्र यानि 2021-22 तक के लिए जेएनयू में दाखिला राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित किए जाने वाले जेएनयू एंट्रेंस एग्जाम (जेएनयूईई) के माध्यम से दिया गया था। वहीं, जेएनयू में जेएनयूईई के माध्यम से प्रवेश वर्ष 2019 से शुरू किया गया था।
जेएनयू प्रशासन द्वारा वर्ष 2022-23 से दाखिला लिए जाने का निर्णय बुधवार, 12 जनवरी 2022 को हुई एकेडेमिक काउंसिल की बैठक में लिया गया। बैठक में हिस्सा लिए प्रवेश के निदेशक जयंत त्रिपाठी द्वारा जारी नोट के अनुसार सीयूसीईटी से दाखिले के प्रस्ताव पर बैठक में व्यापक तौर पर समर्थन मिला। नोट में कहा गया है कि एकेडेमिक काउंसिल में विचार-विमर्श के दौरान, स्कूलों के डीन, केंद्र अध्यक्षों और परिषद के बाहरी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि सीयूईटी देश भर के कई योग्य छात्रों को एक समान प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करेगा और सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए एक ही प्रवेश परीक्षा से उन पर कई प्रवेश परीक्षाओं का बोझ नहीं होगा।
यह भी पढ़ें - NIRF Overall Ranking 2021: यें हैं देश 10 सर्वेश्रेष्ठ उच्च शिक्षा संस्थान, आईआईटी मद्रास पहले स्थान पर
बता दें कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय द्वारा केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CUCET) के माध्यम से प्रवेश लिए जाने के निर्णय से पहले NIRF रैंकिंग 2021 में 19वां स्थान प्राप्त दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा पहले ही शैक्षणिक सत्र 2022-23 से सीयूसीईटी से दाखिला लिए जाने की घोषणा की जा चुकी है।