विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

National Education Day 2026: राष्ट्रीय एजुकेशन डे आज, जानें मौलाना अबुल कलाम आजाद के विजन ने कैसे शिक्षा व्यवस्था को दिया आकार?

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:49 AM (IST)

भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 11 नवंबर को मौलाना आजाद की जयंती पर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता है।

  2. भारत के पहले शिक्षा मंत्री ने समावेशी शिक्षा की मजबूत नींव रखी।

एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 11 नवंबर को "राष्ट्रीय शिक्षा दिवस (National Education Day)" के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। भारत आजादी 1947 से 1958 तक शिक्षा मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मौलाना आजाद ने समावेशी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी शिक्षण और सांस्कृतिक विकास की मजबूत नींव रखी।

उनके इस योगदान को देखते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय (MHRD) द्वारा 2008 में इस दिन को मनाने की घोषणा की गई थी। मौलाना आजाद 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा, महिला शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और प्राथमिक स्तर पर मातृभाषा में शिक्षा के प्रबल समर्थक थे।

अबुल कलाम आजाद का क्या था विजन

मौलाना अबुल कलाम आजाद का मानना था कि शिक्षा केवल साक्षरता तक सीमित न होकर राष्ट्र निर्माण, वैज्ञानिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना का मूल आधार है। स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए मुफ्त व अनिवार्य शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, व्यावसायिक प्रशिक्षण और प्राथमिक स्तर पर मातृभाषा में शिक्षा का प्रबल समर्थन किया। उनका विजन आधुनिक तकनीकी ज्ञान और समृद्ध भारतीय परंपराओं के संतुलन पर आधारित था। IIT खड़गपुर, UGC, संगीत नाटक अकादमी और साहित्य अकादमी जैसी संस्थाओं की नींव रखकर उन्होंने भारत में उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और कला-साहित्य के समावेशी विकास का एक मजबूत ढांचा तैयार किया।

मौलाना आजाद के विजन को दर्शाते 6 प्रमुख संस्थान

1. आईआईटी खड़गपुर (IIT Kharagpur)

पश्चिम बंगाल के हिजली डिटेंशन कैंप में मई 1950 में स्थापित इस संस्थान का औपचारिक उद्घाटन 18 अगस्त 1951 को मौलाना अबुल कलाम आजाद ने किया था। यह देश का पहला IIT था, जिसने भारत में उच्च तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक विकास का आधार तैयार किया।

2. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC)

विश्वविद्यालयी शिक्षा में समन्वय और शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से 28 दिसंबर 1953 को मौलाना आजाद ने इसका उद्घाटन किया। बाद में नवंबर 1956 में इसे संसद के अधिनियम द्वारा एक वैधानिक निकाय बनाया गया।


3. संगीत नाटक अकादमी (Sangeet Natak Akademi)

1953 में स्थापित यह अकादमी भारत में संगीत, नृत्य और नाटक की राष्ट्रीय पीठ है। यह मौलाना आजाद के उस विचार को दर्शाती है जिसके तहत शिक्षा के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और प्रदर्शन कला परंपराओं का संरक्षण आवश्यक माना गया।


4. साहित्य अकादमी (Sahitya Akademi)

भारतीय भाषाओं में साहित्य को बढ़ावा देने और लेखकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 12 मार्च 1954 को इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ। यह विभिन्न भाषाओं में साहित्यिक गतिविधियों और अनुवाद कार्यक्रमों का संचालन करती है।

5. ललित कला अकादमी (Lalit Kala Akademi)

मौलाना अबुल कलाम आजाद ने 5 अगस्त 1954 को दृश्य कला (चित्रकला, मूर्तिकला और ग्राफिक्स) को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय अकादमी के रूप में इसका उद्घाटन किया था।

6. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE)

AICTE की शुरुआत स्वतंत्रता से पूर्व 1945 में हुई थी और 1987 में इसे वैधानिक दर्जा मिला, लेकिन इसके उद्देश्य मौलाना आजाद के तकनीकी शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के दृष्टिकोण से पूरी तरह मेल खाते हैं।

यह भी पढ़ें- दो साल 10 परीक्षाएं और असफलता, इसके बाद Gen Z- IPS बन इशिता बन गईं युवाओं के लिए प्रेरणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।