भारतीय प्रोफेसर नीना गुप्ता ने सुलझा दी गणित की 70 साल पुरानी पहेली, ऐसा क्या था जिसे समझने में लग गए इतने साल?
प्रोफेसर नीना गुप्ता ने 70 साल पुरानी 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' को सुलझाकर इतिहास रच दिया है। उन्हें टाइम मैगजीन की 'TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026' सूची में 'हेल्थ एंड साइंस इनोवेटर्स' श्रेणी में शामिल किया गया है।

गणितज्ञ प्रोफेसर नीना गुप्ता।
HighLights
प्रोफेसर नीना गुप्ता ने 70 साल पुरानी गणितीय पहेली सुलझाई।
टाइम मैगजीन की 'TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026' सूची में शामिल।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता स्थित इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI) की प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रोफेसर नीना गुप्ता ने टाइम मैगजीन की पहली 'TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026' सूची में अपना स्थान पक्का किया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान 'हेल्थ एंड साइंस इनोवेटर्स' श्रेणी के अंतर्गत प्रदान किया गया है। यह सूची देश की उन उभरती और प्रभावशाली हस्तियों को पहचान देती है, जो अपने असाधारण कार्यों के माध्यम से भारत के भविष्य को नई दिशा प्रदान कर रही हैं।
कौन हैं गणितज्ञ नीना गुप्ता?
नीना गुप्ता का जन्म पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ था। बचपन से ही उन्हें गणित की पहेलियां सुलझाने में बहुत मजा आता था जिसने अब उन्हें ही नहीं बल्कि पूरे भारत को इस क्षेत्र में एक पहचान दिलाई है। नीना ने अपनी उच्च शिक्षा और पीएचडी की डिग्री इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI), कोलकाता से ही प्राप्त की। शोध के दौरान उन्होंने प्रोफेसर अमर्त्य कुमार दत्ता के मार्गदर्शन में 'अलजेब्रा' (बीजगणित) में विशेषज्ञता हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद वे इसी संस्थान में बतौर प्रोफेसर नियुक्त हुईं और तब से निरंतर अध्यापन व शोध के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
70 साल पुरानी 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' पहेली का खोजा सॉल्यूशन
प्रोफेसर नीना गुप्ता ने अलजेब्रिक ज्योमेट्री की एक अत्यंत जटिल और 70 साल पुरानी ऐतिहासिक पहेली 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' (Zariski Cancellation Problem) को सुलझाया। यह गणितीय समस्या लगभग सात दशकों से दुनिया भर के शीर्ष गणितज्ञों के लिए एक अनसुलझी चुनौती बनी हुई थी। उनके इस ऐतिहासिक शोध ने आधुनिक गणित को एक नया दृष्टिकोण और दिशा दी है और इस भारतीय गणितज्ञ को विश्व पटल पर पहचान मिली।
नीना गुप्ता ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल किये बहुत से अवार्ड
- नीना गुप्ता के उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है जिनकी लिस्ट निम्नलिखित है-
- INSA यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड (2014): गणित में शुरुआती उल्लेखनीय योगदान के लिए।
- शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार (2019): विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत का सर्वोच्च सम्मान।
- रामानुजन पुरस्कार (2021): कम्यूटेटिव अलजेब्रा और एफाइन अलजेब्रिक ज्योमेट्री में शोध हेतु (यह सम्मान पाने वाली वे विश्व की तीसरी महिला बनीं)।
- नारी शक्ति पुरस्कार (2020 और 2021): मार्च 2022 में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित।
- TWAS पुरस्कार: साल 2020 में TWAS यंग एफिलिएट्स और 2023 में TWAS-CAS यंग साइंटिस्ट अवार्ड।
- इंफोसिस पुरस्कार (2024): जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम पर उनके अभूतपूर्व शोध के लिए।
इसके अलावा नीना जी को 2022 में इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ मैथमेटिशियंस (ICM) और 2025 में अमेरिकन मैथमेटिकल सोसाइटी के प्रतिष्ठित एमी नोएथर लेक्चर देने के लिए भी आमंत्रित किया गया। नीना गुप्ता की यह सफलता विज्ञान और गणित के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।