विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

16 की उम्र में खोई सुनने की क्षमता, 23 की उम्र में पहले प्रयास में बनीं IAS; पढ़ें सौम्या शर्मा की बेमिसाल कहानी

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:40 PM (IST)

आईएएस सौम्या शर्मा ने 16 साल की उम्र में सुनने की क्षमता खोने के बावजूद, महज 4 महीने की तैयारी में अपने पहले प्रयास में यूपीएससी में 9वीं रैंक हासिल की। वर्तमान में वे अमरावती महानगरपालिका में आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं, जो उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और सफलता की कहानी बयां करता है।

आईपीएस सौम्या शर्मा।

आईपीएस सौम्या शर्मा।

HighLights

  1. 16 साल की उम्र में खोई सुनने की क्षमता।

  2. पहले प्रयास में UPSC में 9वीं रैंक हासिल की।

करियर डेस्क, नई दिल्ली। सफलता की राह में कठिनाइयां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, दृढ़ संकल्प के आगे वे बौनी साबित होती हैं। इसकी सबसे बड़ी मिसाल बनकर उभरी हैं 2018 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या शर्मा। जहां यूपीएससी (UPSC) को पास करने में अभ्यर्थियों को कई साल लग जाते हैं, वहीं सौम्या ने महज चार महीने की तैयारी और अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर नया मुकाम हासिल करने का कीर्तिमान बनाया।

कौन हैं सौम्या शर्मा

सौम्या दिल्ली की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम अशोक शर्मा और और माता का नाम लीना शर्मा है जो पेशे से डॉक्टर हैं। सौम्या की शुरुआती शिक्षा दिल्ली से पूरी हुई और के बाद उन्होंने नेशनल लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई की। लॉ की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का मन बना लिया था।

16 की उम्र में खो दी सुनने की क्षमता

सौम्या का यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। जब वे महज 16 साल की थीं, तब एक बीमारी के कारण उनकी सुनने की क्षमता चली गई। इतनी कम उम्र में इस गंभीर शारीरिक चुनौती का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। साल 2017 में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा देने का फैसला किया और घर पर ही रोजाना 10 से 15 घंटे तक कड़ी मेहनत की।

तबियत खराब होने पर भी नहीं छोड़ी पढ़ाई

मुख्य परीक्षा के दौरान सौम्या की तबीयत अचानक काफी खराब हो गई। हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि उन्हें एक ही दिन में तीन बार सलाइन (ड्रिप) चढ़ानी पड़ी, लेकिन इस स्थिति में भी उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी। उनकी इसी जिद और जज्बे का परिणाम था कि 23 साल की उम्र में वे आईएएस बन गईं। वर्तमान में सौम्या महाराष्ट्र के अमरावती महानगरपालिका में आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे नागपुर जिला परिषद की सीईओ और नांदेड़ में सहायक कलेक्टर भी रह चुकी हैं।

IPS अर्चित चांडक से की शादी

सौम्या के पति अर्चित चांडक भी 2018 बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में अकोला के पुलिस अधीक्षक (SP) हैं। नागपुर निवासी अर्चित ने आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने के बाद 35 लाख रुपये के सालाना पैकेज वाली नौकरी ठुकराकर यूपीएससी में 184वीं रैंक हासिल की थी। इस दंपति की गिनती बेहद काबिल और तेज-तर्रार अधिकारियों में होती है।

यह भी पढ़ें- दो साल 10 परीक्षाएं और असफलता, इसके बाद Gen Z- IPS बन इशिता बन गईं युवाओं के लिए प्रेरणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।