भाजपा की नेशनल टीम में शामिल हो सकते हैं यूपी के दिग्गज नेता, लखनऊ में नितिन नवीन और बीएल संतोष करेंगे मंथन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष 3-4 जुलाई को लखनऊ में यूपी विधानसभा चुनाव की ...और पढ़ें

भाजपा की राष्ट्रीय टीम में बढ़ सकती है यूपी की भागीदारी।
HighLights
नितिन नवीन और बीएल संतोष 3-4 जुलाई को लखनऊ में।
राष्ट्रीय टीम में यूपी के नए चेहरों पर लगेगी मुहर।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर होगा मंथन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनावी कसरत में जुटी भाजपा राजनीतिक मानचित्र में यूपी को सबसे ज्यादा वरीयता दे रही है। प्रदेश संगठन बनने के बाद अब राष्ट्रीय इकाई में दावेदारों को लेकर चर्चा तेज है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष तीन और चार जुलाई को लखनऊ में मंथन कर जहां विधान सभा चुनाव की रणनीति बनाएंगे, वहीं राष्ट्रीय टीम में पदाधिकारी वाले यूपी के चेहरों पर मुहर लगेगी।
संगठन से लेकर केंद्र सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार तक यूपी यूपी का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की तैयारी है। चर्चा है कि नवीन की टीम में यूपी से दो महामंत्री, तीन उपाध्यक्ष समेत दस पदाधिकारी बनाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अगले साल चुनाव होने की वजह से भाजपा संगठन का नट बोल्ट कसने में जुटी है। नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर प्रदेश एवं क्षेत्रीय इकाइयों में भी युवा चेहरों को बढ़ाने का संदेश दिया गया। पिछले दिनों नवीन ने उत्तराखंड में दो दिनी प्रवास कर संगठन को चुनावी मंत्र दिया। वह सांगठनिक दृष्टि से पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं।
यूपी प्रदेश इकाई की हो चुकी है घोषणा
25 जून को यूपी की प्रदेश इकाई, क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं छह मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा की जा चुकी है, और इसी टीम की निगरानी में 2027 विधान सभा चुनाव होंगे। नितिन नवीन एवं बीएल संतोष लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से मिलकर राष्ट्रीय टीम के दावेदारों के नाम फाइनल करेंगे।
वर्तमान में राष्ट्रीय टीम में यूपी से राधामोहन अग्रवाल एवं अरुण सिंह महामंत्री हैं, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, पूर्व सांसद रेखा वर्मा एवं अलीगढ़ मुस्लिम विवि के पूर्व वाइस चांसलर तारिक मंसूर उपाध्यक्ष हैं। जबकि राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष हैं।
इन्हें मिल सकता है मौका
माना जा रहा है कि राधा मोहन, अरुण सिंह एवं लक्ष्मीकांत के स्थान पर नए उम्र के कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। इस बार यूपी से पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, राज्य सभा सदस्य अमरपाल मौर्य, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, रेखा वर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी अश्विनी त्यागी, अशोक कटारिया, गोविंद नारायण शुक्ल और संतोष सिंह का नाम भी चर्चा में है।
राजनीतिक पंडितों का कहना है कि यूपी की प्रदेश इकाई में कई नए नामों की वजह से पुराने चेहरों पर मायूसी नजर आ रही, जिन्हें पार्टी संगठन से लेकर निगम, आयोग, बोर्ड एवं चुनावी समितियों के गठन तक में भूमिका देकर संतुष्ट रखने का प्रयास करेगी।
नितिन नवीन और बीएल संतोष की मुलाकात मुख्यमंत्री शेगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठ समेत कई मंत्रियों से होगी।
बाद में प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला-महानगर के पदाधिकारियों के बैठक कर अचूक रणनीति बनाने का प्रयास होगा। माना जा रहा है कि लखनऊ में आयोजित दो दिनी बैठक भाजपा की राजनीतिक दिशा तय करेगी।
यह भी पढ़ें- रामपुर को देंगे 450 करोड़ से अधिक की विकास सौगात, कल आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
यह भी पढ़ें- आगरा में CM योगी के सामने रखा गया 2791 करोड़ का मेगा प्लान, पोइया घाट पर पुल निर्माण का भी खाका तैयार
