विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में CM योगी के सामने रखा गया 2791 करोड़ का मेगा प्लान, पोइया घाट पर पुल निर्माण का भी खाका तैयार

Published: Sun, 28 Jun 2026 10:19 PM (IST)

आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने 2791 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें सड़क, पुल ...और पढ़ें

CM योगी के सामने रखा गया 2791 करोड़ के विकास का प्लान।

CM योगी के सामने रखा गया 2791 करोड़ के विकास का प्लान।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के सामने 2791 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तुत की गईं।

  2. शहर में जाम कम करने, सफर आसान बनाने का लक्ष्य।

  3. मेट्रो विस्तार, आरओबी, यमुना पुल जैसे प्रमुख प्रस्ताव शामिल।

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री के सामने 2791 करोड़ रुपये की योजनाओं के प्रस्ताव रखे गए। अगर यह सभी प्रस्ताव मंजूर हो जाते हैं तो शहर में जाम की समस्या पर अंकुश लगेगा। सफर आसान होगा और विकास का पहिया तेजी से घूमेगा।

बोदला-शाहगंज रोड और सिकंदरा-शाहगंज रोड पर 150-150 करोड़ रुपये से दो रेल ओवर ब्रिज (आरओबी), 115 करोड़ रुपये से पोइया घाट में यमुना नदी पर पुल, 89 करोड़ रुपये से सिकंदरा-बोदला आरओबी की दो नई लेन, एक करोड़ रुपये से आगरा किला से कछपुरा के मध्य यमुना पर पांटून पुल, 10 करोड़ रुपये से रावली पुलिया का चौड़ीकरण और 36 करोड़ रुपये से एत्मादपुर बाइपास का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है।

इन सभी कार्यों का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने तैयार कर लिया है। इन सब के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश प्रमुख रोड का चौड़ीकरण, मरम्मत भी है। रविवार को कमिश्नरी सभागार में प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान ने प्रस्तावों का अध्ययन भी किया।

यह हैं प्रमुख प्रस्ताव

सांसद राजकुमार चाहर ने जैंगारा-बसैया बोवला खारी नदी पर पुल की मांग रखी। पुल बनने से हजारों लोगों को फायदा होगा। कहा कि हाल ही में नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो चुकी है। बटेश्वर रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए रोड का निर्माण होना चाहिए। बाह सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत और निर्माण की मांग की। उन्होंने पुलों के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा।

ग्रामीण विधायक और मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि ग्वालियर हाईवे पर 108 करोड़ रुपये से नाला निर्माण जरूरी है। नाला बनने से जल निकासी आसानी से हो सकेगी। ईदगाह-बांदीकुई रेल खंड स्थित रेलवे फाटक नंबर आठ-ए पर चार लेन का आरओबी बनना चाहिए। यह आरओबी 100 करोड़ रुपये से बनेगा। इससे लोगों को आवाजाही में आसानी रहेगी।

सात करोड़ रुपये से दक्षिण बाइपास के आसपास की सड़कों की मरम्मत होनी चाहिए। इसमें जखोदा सहित अन्य शामिल हैं। 11 करोड़ रुपये से नेशनल हाईवे-19 स्थित सिकंदरा से बाईंपुर गांव होते हुए गढ़ी तक रोड, 24 करोड़ से जारूआ कटरा रोड, 12 करोड़ से बमरौली अहीर रोड, 73 करोड़ रुपये से चंदौसी-तांतपुर रोड शामिल है।

इनर रिंग रोड के किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए। लंबे समय से किसान इसकी मांग कर रहे हैं। रसूलाबाद घाट में यमुना नदी पर एक करोड़ रुपये से पांटून पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा मेट्रो का विस्तार होना चाहिए। इसमें आगरा कैंट से लेकर धनौली गांव और अटलपुरम को शामिल किया जाना चाहिए।

उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नेशनल हाईवे-19 स्थित अबुल उल्लाह की दरगाह के पास स्थित भूमि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह भूमि पुलिस थाना के लिए मिलनी चाहिए। उप्र आवास एवं विकास परिषद लंबे समय से भूमि पर कब्जा नहीं ले सका है। सरकारी भूमि को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रावली पुलिया का चौड़ीकरण जरूरी है। यह कार्य साढ़े नौ करोड़ रुपये से होना चाहिए। इसी तरह से मारुति एस्टेट चौराहा पर बोदला-शाहगंज मार्ग और मारुति एस्टेट से एमजी रोड-2 के मध्य चार लेन का आरओबी बनना चाहिए। 1.12 किमी लंबा आरओबी 150 करोड़ रुपये से प्रस्तावित है।

सिकंदरा-शाहगंज रोड और लोहामंडी-बिचपुरी रोड पर चार लेन का आरओबी 150 करोड़ रुपये से बनाया जाना चाहिए। इसके अलावा सिकंदरा-बोदला आरओबी को दो लेन के बदले चार लेन का किया जाना चाहिए। इसपर 89 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गैलाना से लेकर वनखंडी महादेव की आंतरिक सड़कों का निर्माण ढाई करोड़ रुपये से होगा।

एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि पोइया घाट में यमुना नदी पर पुल बनने से लोगों को खंदौली जाने के लिए चक्कर नहीं लगाना होगा। वर्तमान में पांटून पुल बना हुआ है। 115 करोड़ रुपये से एक किमी लंबा पुल बनेगा। यह पुल बनने से एक लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा। 36 करोड़ रुपये से ढाई किमी लंबा एत्मादपुर बाइपास बनाया जाए।

नेशनल हाईवे-2 स्थित नवलपुर, बांस सोभा से चिरौली होते हुए आंवलखेड़ा रोड का निर्माण साढ़े 26 करोड़ रुपये से होगा। बरहन से नगला छबीला होते हुए उदयपुर रोड का निर्माण 15 करोड़ रुपये से होगा। उन्होंने कहा कि आगरा किला से कछपुरा के मध्य एक करोड़ रुपये से पांटून पुल बनने से हजारों लोगों को फायदा होगा। लोगों को घूमकर नहीं निकलना पड़ेगा।

कैंट विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने एमजी रोड स्थित अवंतीबाई चौराहा से मधुनगर चौराहा तक रोड का निर्माण और सुरक्षा के उपाय डेढ़ रुपये से करने का सुझाव दिया।

फतेहाबाद विधायक छोटे लाल वर्मा ने 30 करोड़ रुपये से उटंगन नदी पर पुल के निर्माण का प्रस्ताव दिया। यह पुल निबोहरा मार्ग से भोगपुरा के मध्य होगा। इसके अलावा 18 करोड़ से धिमश्री मार्ग, साढ़े 12 करोड़ से नगला नेतराम मार्ग, ढाई करोड़ रुपये से कुर्रा चित्तरपुर मार्ग शामिल है।

फतेहपुर सीकरी विधायक बाबूलाल ने 66 करोड़ रुपये से हसेवा-भरतपुर मार्ग पर दो लेन का आरओबी, 66 करोड़ रुपये से आगरा फोर्ट-रायभा खंड स्थित रुनकता मार्ग पर आरओबी, 66 करोड़ रुपये से फतेहपुर सीकरी-दुल्हारा मार्ग पर आरओबी, 215 करोड़ रुपये से अछनेरा नगर पालिका परिषद का बाइपास मार्ग का नवनिर्माण, 66 करोड़ रुपये से किरावली-कागारौल फतेहपुर सीकीर दूरा मार्ग पर आरओबी शामिल है। 40 करोड़ रुपये से बिचपुरी-अछनेरा मार्ग, 28 करोड़ रुपये से नगला बहरावती मार्ग के निर्माण का सुझाव दिया।

खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने 99 करोड़ से चंदौसी-तांतपुर मार्ग, 31 करोड़ से फिरोजाबाद-फतेहाबाद-सैंया-अछनेरा-भरतपुर मार्ग, साढ़े 24 करोड़ रुपये से उटंगन नदी पर पुल, 14 करोड़ रुपये से दूल्हे खां मार्ग, 19 करोड़ रुपये से पीपलखेड़ा मार्ग की मरम्मत शामिल है।

बाह विधायक पक्षालिका सिंह ने 144 करोड़ रुपये से आगरा-बाह कचौरा घाट मार्ग, 18 करोड़ रुपये से शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग, ढाई करोड़ से नीमड़ाडा बजरंग बली मार्ग, 24 करोड़ से पिनाहट तासौड़ मार्ग, 17 करोड़ से एबीके से खिलावली मार्ग प्रमुख रूप से शामिल है।

प्रधानमंत्री करेंगे मेट्रो का लोकार्पण

बैठक में आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की रिपोर्ट भी रखी गई। बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कालेज तक चार भूमिगत स्टेशन बनकर तैयार हैं। आइएसबीटी एलीवेटेड मेट्रो स्टेशन पर कार्य चल रहा है। प्रधानमंत्री जुलाई में मेट्रो स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं। इसकी तैयारी पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया। इसी तरह से मुख्यमंत्री ने खेरिया एयरपोर्ट के विस्तार और नए सिविल एन्क्लेव का कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए जिससे निर्धारित समय पर इसे चालू किया जा सके।

राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने सड़कों के विकास से लेकर पुलों के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो सहित अन्य कार्य समय पर पूरे होने चाहिए।

यह रहे मौजूद

एमएलसी विजय शिवहरे, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, डीएम मनीष बंसल सहित अन्य अधिकारी।

लगातार हुआ पानी का छिड़काव

कमिश्नरी रोड के सामने तीन से चार मिनट के अंतराल में पानी का छिड़काव होता रहा। नगर निगम प्रशासन द्वारा आठ मशीनों का प्रयोग किया गया था।

यह भी पढ़ें- यूपी में फायर NOC खत्म होने से पहले भेजा जाएगा नोटिस, CM योगी ने सभी डीएम को दिए सख्त निर्देश

यह भी पढ़ें- बिजली सप्लाई में यूपी देश का नंबर-1 राज्य, महाराष्ट्र और गुजरात को पछाड़कर उत्तर प्रदेश ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड