पुणे के कॉलेज की लिफ्ट में रात भर फंसी रही छात्रा, 12 घंटे बाद पुलिस ने किया रेस्क्यू
पुणे के एमआईटी कॉलेज में एक 19 वर्षीय छात्रा रात भर लिफ्ट में फंसी रही, जिसे 12 घंटे बाद पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

पुणे कॉलेज की छात्रा रात भर लिफ्ट में फंसी रही (यह सांकेतिक तस्वीर AI से बनाई गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 19 वर्षीय छात्रा लिफ्ट में रात भर फंसी रही। छात्रा के लापता होने पर उसके परिवार ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद कैंपस और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू हुई।
यह घटना बुधवार शाम करीब 6-7 बजे की बताई जा रही है, जब लोनी कालभोर स्थित MIT कॉलेज की छात्रा अपनी क्लास खत्म करके वापस जा रही थी।
रात भर लिफ्ट में फंसी रही छात्रा
लोनी कालभोर के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर समाधान पवार ने PTI को बताया, 'वह कॉलेज से निकलने वाली आखिरी छात्रा थी और पांचवीं मंजिल से नीचे आ रही थी, तभी बार-बार बिजली जाने की वजह से लिफ्ट रुक गई।'
उन्होंने बताया कि उस समय कैंपस में कोई और छात्र मौजूद नहीं था, इसलिए किसी को इस घटना का पता नहीं चला। छात्रा के घर न पहुंचने पर, उसके माता-पिता और बहन (जो उसी कॉलेज में पढ़ती है) ने उसे खोजना शुरू किया।
परिवार बुधवार रात करीब 9 बजे लोनी कालभोर पुलिस स्टेशन पहुंचा और उसके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया और तलाश शुरू कर दी।
12 घंटे बाद पुलिस ने किया रेस्क्यू
पुलिसकर्मियों ने गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तक कॉलेज परिसर, आस-पास की इमारतों और आसपास के इलाकों में छात्रा की तलाश की। अगले दिन सुबह 7 बजे कॉलेज की लिफ्ट से छात्रा को सुरक्षित निकाला गया।
पवार ने बताया, 'छात्रा कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट के अंदर फंसी हुई मिली, जिसे सुबह करीब 7 बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।' छात्रा के सुरक्षित मिलने के बाद उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके बावजूद, पुलिस ने कॉलेज को पत्र लिखकर पूछा है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और लिफ्ट के कामकाज में क्या सुधार किए जाने की जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।