'एक समय था जब पटाखे हवा को प्रदूषित नहीं शुद्ध करते थे', आतिशबाजी पर बहस के बीच बोले मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में कहा कि पुराने समय के पटाखे रसायनों से नहीं बनते थे और उनका धुआं वातावरण को शुद्ध करता था।

कार्यक्रम को संबोधित करते आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत। (फोटो- एएनआई।)
HighLights
पुराने पटाखे रसायनों से नहीं, वातावरण शुद्ध करते थे।
त्योहार समाज को जीवंत रखते हैं, विज्ञान समझकर मनाएं।
दीपावली अब विश्वभर में अहमियत पा रही है।
डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि पुराने समय में पटाखे रसायनों से नहीं बनाए जाते थे। उनका धुआं कीड़े-मकोड़ों को मार देता था और वातावरण को शुद्ध करता था। उन्होंने कहा कि इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण है।
उन्होंने कहा, "त्योहार समाज को जीवंत बनाए रखते हैं और कुछ लोगों के रोकने की कोशिश करने के बावजूद ये कभी बंद नहीं होंगे।" भागवत ने बताया कि जब घी और तेल के दीपक जलाए जाते थे, तो वातावरण में एक खास तरह की हवा बन जाती थी।
'विज्ञान को समझकर किया जाना चाहिए परंपराओं का पालन'
उन्होंने कहा, "ऐसी परंपराओं का पालन उनके पीछे के विज्ञान को समझकर किया जाना चाहिए। इससे वातावरण शुद्ध रहेगा और हमारे जीवन में खुशियां भी आएंगी।" आरएसएस प्रमुख ने ये बातें मंगलवार को नागपुर में माहेश्वरी पंचायत के दिवाली कार्यक्रम में कहीं।
इस बात पर जोर देते हुए कि त्योहार भारतीय समाज का अभिन्न हिस्सा हैं, उन्होंने कहा, "त्योहार अनादि काल से मनाए जाते रहे हैं और आगे भी मनाए जाते रहेंगे।" त्योहार कैसे मनाए जाने चाहिए पर भागवत ने कहा, "इन्हें इनके शुद्ध रूप में ही मनाया जाना चाहिए, ताकि हमें इनसे मिलने वाले लाभ मिलते रहें। अगर हम सब इस बात का ध्यान रखें तो हमें जीवन में किसी भी चीज की चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे व्यक्ति, समाज और पूरी दुनिया की मानवता के साथ-साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है।"
'दीपावली को दुनियाभर में मिल रही अहमियत'
भागवत ने कहा कि अब दुनिया भर में दीपावली को वह अहमियत मिल रही है, जिसकी वह हकदार है। उन्होंने कहा, "पहले दिवाली सिर्फ भारत में मनाई जाती थी, लेकिन अब यह अमेरिका और ब्रिटेन की संसदों में भी मनाई जाती है। दुनिया अब यह समझ रही है कि भारतीयों को दिवाली की शुभकामनाएं दी जानी चाहिए, क्योंकि इस दिन हर भारतीय खुश, साफ-सुथरा, पवित्र और सेवा के लिए तत्पर होता है। त्योहारों के मौके पर दान-पुण्य करना भी हमारी परंपरा रही है।"
आरएसएस प्रमुख ने लोगों से समाज के नियमों का पालन करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा, "हम जिस घर, समाज और शहर में रहते हैं वहां नियम और कानून सभी के लिए होते हैं और इन्हें इसलिए बनाया जाता है ताकि सभी का जीवन बेहतर बन सके। अगर हम अपनी गलतियों को नहीं सुधार रहे हैं तो हमें अभी से ऐसा करना शुरू कर देना चाहिए।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।