विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है', चुनाव आयोग पर आरोपों को लेकर महाराष्ट्र सीएम फडणवीस का तंज

Published: Sun, 27 Sep 2026 03:28 PM (IST)

महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने राहुल गांधी पर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

सीएम फडणवीस ने राहुल गांधी पर कसा तंज(फाइल फोटो)

सीएम फडणवीस ने राहुल गांधी पर कसा तंज(फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को विपक्ष द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा कमजोर कर देश में अराजकता और भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

वोट चोरी के दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने कहा कि मैं साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि कोई वोट चोरी नहीं हुआ है। असल में राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है। मैं प्रधानमंत्री से अनुरोध करूंगा कि वे एक समिति बनाएं जो उनका दिमाग वापस लाए, ताकि वे देशहित में बात करें, सही बोलें और सच बोलें।

चुनाव आयोग में किसी मतभेद से इनकार

फडणवीस ने चुनाव आयोग के भीतर मतभेद की खबरों को भी पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने शनिवार को संयुक्त बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि मतदाता सूची के ए से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।

उन्होंने कहा कि सभी फैसले मिलकर लिए गए, एजेंडा तय कर चर्चा हुई और किसी की भी अलग राय नहीं थी। फाइलों पर भी कोई असहमति दर्ज नहीं है।

गौरतलब है कि एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 10 महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने SIR प्रक्रिया पर 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं, जिसके बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश: सीएम फडणवीस

फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता हाथ में संविधान लेकर चलते हैं, लेकिन उनका मकसद संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, आरबीआई और सीएजी जैसी हर संस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

वे ऐसी स्थिति बनाना चाहते हैं जिससे लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था से भरोसा उठ जाए। उनकी रणनीति साफ है जब आप लोगों को समझा नहीं सकते, तो उन्हें भ्रमित कर दो।

सहयोगियों के सवालों पर प्रतिक्रिया

विपक्षी दलों द्वारा SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन पर फडणवीस ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में SIR के कारण 15 क्षेत्रों में मतदाता घटे थे, फिर भी वहां तृणमूल कांग्रेस ही जीती।

वहीं, एनडीए के सहयोगी दल चिराग पासवान और चंद्रबाबू नायडू द्वारा SIR मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगे जाने के सवाल पर फडणवीस ने कहा कि अगर चुनाव आयोग पर हर दिन आरोप लगाए जाएंगे, तो स्वाभाविक है कि आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी ही चाहिए।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: बोरखेड़ी स्टेशन के पास दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, तीन AC कोच के शीशे टूटे

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में भीषण हादसा: वेल्डिंग के दौरान ट्रैक्टर में रखी जिलेटिन की छड़ों में धमाका, चार लोगों की मौत