महाराष्ट्र: बोरखेड़ी स्टेशन के पास दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, AC कोच के तीन डिब्बों के शीशे टूटे
नागपुर-मुंबई रेल मार्ग पर बोरखेड़ी स्टेशन के पास दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव हुआ, जिससे ट्रेन के तीन एसी कोचों की खिड़कियां चटक गईं।

महाराष्ट्र में बोरखेड़ी स्टेशन के पास दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई रेल मार्ग पर असामाजिक तत्वों द्वारा एक बार फिर ट्रेनों को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन नंबर 12290 दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार की रात करीब 8:27 बजे बोरखेड़ी स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध पथराव कर दिया।
इस अचानक हुए हमले में ट्रेन के तीन एसी कोचों (A-1, B-2 और B-5) की खिड़कियों के कांच पूरी तरह से चटक गए, जिससे यात्रियों के बीच भारी हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस पथराव में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
हालांकि, सुरक्षा खिड़कियों के कारण पत्थर अंदर नहीं घुसे, जिससे यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि बाहर से पत्थर फेंके गए थे।
आरपीएफ और जीआरपी ने चलाया तलाशी अभियान
रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत केस दर्ज कर लिया है और बोरखेड़ी-सिंधी सेक्शन के आसपास के गांवों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने बोरखेड़ी और सिंधी सेक्शन के बीच किलोमीटर 803 से किलोमीटर 796 तक पटरियों के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने पास के बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों का भी दौरा किया।
वहां स्थानीय पुलिस पाटिल और ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। हालांकि, शुरुआती तलाशी के दौरान मौके से कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि पथराव ठीक किस जगह से किया गया था।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
रेलवे प्रशासन ने इस हरकत को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 सितंबर को तड़के 02:55 बजे रेलवे अधिनियम की धारा 153 (यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 325/2026 दर्ज किया गया है।
रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: लातूर में कुंडली का दोष दूर करने का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 24 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
