विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या शरद पवार की एनसीपी देगी एनडीए को समर्थन? ‘वर्षा’ में बैठक के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल

By विनोद राठोडEdited By: Abhishek Pratap Singh
Published: Wed, 15 Jul 2026 09:11 AM (IST)

मुख्यमंत्री के आवास 'वर्षा' पर एनसीपी के दोनों गुटों और देवेंद्र फडणवीस की बैठक के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

शरद पवार ने की देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात। (फाइल फोटो)

शरद पवार ने की देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 'वर्षा' पर एनसीपी के दोनों गुटों की बैठक हुई।

  2. शरद पवार की एनसीपी के एनडीए समर्थन की अटकलें।

  3. एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चा ने जोर पकड़ा।

विनोद राठोड, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

इस बैठक के बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) एनडीए को समर्थन दे सकती है। साथ ही, एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की प्रक्रिया शुरू होने की भी चर्चा है।

बैठक में कौन-कौन से नेता थे मौजूद?

बैठक में शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, अजित पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल मौजूद थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में राज्य के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।

विलय की चर्चाओं को मिली नई गति

मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय पर प्रारंभिक स्तर पर चर्चा हुई। वर्ष 2023 में पार्टी में हुई टूट के बाद एनसीपी दो हिस्सों में बंट गई थी। इसके बाद कई बार दोनों गुटों के फिर से एक होने की अटकलें सामने आईं, लेकिन उन्हें कभी आधिकारिक रूप नहीं मिला। अब ‘वर्षा’ बंगले पर हुई इस बैठक के बाद इन चर्चाओं को एक बार फिर बल मिला है।

एनडीए को समर्थन की अटकलें

पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी चल रही है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी एनडीए को समर्थन दे सकती है। जानकारी के अनुसार, बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हालांकि, इस संबंध में किसी भी पक्ष या संबंधित नेताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय, शरद पवार गुट या अजित पवार गुट की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए फिलहाल ये सभी दावे और चर्चाएं पर आधारित हैं।

यदि भविष्य में एनसीपी के दोनों गुटों का विलय होता है, तो राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसे शरद पवार गुट के एनडीए के साथ आने के रूप में देखा जा सकता है।

यह भी पढ़ें: NCP में अंदरूनी सरगर्मी: सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर राष्ट्रीय सचिव ने उठाए सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।