विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NCP में अंदरूनी सरगर्मी: सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर राष्ट्रीय सचिव ने उठाए सवाल

Published: Tue, 14 Jul 2026 11:12 PM (IST)

राकांपा के राष्ट्रीय सचिव सच्चिदानंद सिंह ने सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, हालांकि उन्होंने उनके नेतृत्व का विरोध नहीं किया।

सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर राष्ट्रीय सचिव ने उठाए सवाल।

सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर राष्ट्रीय सचिव ने उठाए सवाल।

HighLights

  1. राष्ट्रीय सचिव ने सुनेत्रा पवार के चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

  2. पार्टी नेतृत्व ने चुनाव को संवैधानिक और नियमानुसार बताया।

  3. अजीत पवार के निधन के बाद सुनेत्रा बनीं थीं अध्यक्ष।

राज्य ब्यूरो,मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सुनेत्रा पवार के चुने जाने को लेकर पार्टी के भीतर प्रक्रिया संबंधी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इन सवालों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुला विरोध नहीं माना जा रहा है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सच्चिदानंद सिंह ने अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर करीब पांच महीने बाद आपत्ति जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सुनेत्रा पवार के नेतृत्व का विरोध करना नहीं, बल्कि संगठनात्मक नियमों के पालन को लेकर अपनी बात रखना है।

सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और संविधान के अनुरूप होनी चाहिए। उनका कहना है कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व पर उन्हें कोई व्यक्तिगत आपत्ति नहीं है और वह पार्टी की एकजुटता बनाए रखने के पक्षधर हैं।

बता दें कि सच्चिदानंद सिंह मूल रूप से और वर्तमान में झारखंड राज्य के निवासी हैं। वह पिछले 15 से अधिक वर्षों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से जुड़े हुए हैं। उन्हें दिसंबर 2023 में पार्टी के कर्जत अधिवेशन के दौरान राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया था। वह तब से लगातार इसी पद पर बने हुए हैं।

उधर, राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी के संविधान और निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं का पालन किया गया तथा चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई।

तटकरे ने कहा कि पार्टी का पूरा संगठन नए नेतृत्व के साथ मजबूती से आगे बढ़ रहा है और इस मुद्दे पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है।

बता दें कि राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का इसी वर्ष 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से पार्टी में नेतृत्व का संकट पैदा हो गया था। इसके बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और वरिष्ठ नेताओं की बैठकों का दौर चला।

संगठन में निरंतरता बनाए रखने और राजनीतिक अनिश्चितता समाप्त करने के उद्देश्य से सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बनी 26 फरवरी, 2026 को उन्हें राकांपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।

अजीत पवार के निधन के बाद पार्टी नेतृत्व लगातार यह संदेश देने का प्रयास करता आ रहा है कि संगठन में किसी प्रकार का सत्ता संघर्ष नहीं है और सभी नेता एकजुट होकर पार्टी को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पर उठे सवालों ने संगठन के भीतर चर्चा जरूर तेज कर दी है, लेकिन पार्टी नेतृत्व का दावा है कि यह केवल प्रक्रियागत मतभेद है, न कि नेतृत्व को लेकर कोई विवाद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।