विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के दौरान वेस्टर्न रेलवे ने टिकट चेकिंग में वसूले 8.23 ​​करोड़ रुपये, नियम तोड़ने वाले 95,000 लोगों को पकड़ा

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:30 AM (IST)

वेस्टर्न रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन ने दिवाली के दौरान 15 दिन के विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा के लगभग 95,000 मामले पकड़े।

दीवाली के दौरान वेस्टर्न रेलवे ने चलाया बड़ा अभियान। (फाइल फोटो।)

दीवाली के दौरान वेस्टर्न रेलवे ने चलाया बड़ा अभियान। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. दिवाली अभियान में 95,000 बिना टिकट यात्री पकड़े गए।

  2. वेस्टर्न रेलवे ने 8.23 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला।

  3. वसूली लक्ष्य से 7.52% अधिक, 53.6% की वृद्धि।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वेस्टर्न रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन ने दिवाली के दौरान 15 दिनों के एक विशेष टिकट-चेकिंग अभियान में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के लगभग 95,000 मामले पकड़े। इस दौरान जुर्माने और टिकट-चेकिंग से जुड़ी अन्य कमाई के जरिए कुल 8.23 करोड़ रुपये की भारी रकम वसूली गई।

जानकारी देते हुए वेस्टर्न रेलवे के मुख्य प्रवक्ता विनीत अभिषेक ने कहा, "ऑपरेशन डीप नाम का यह विशेष अभियान 31 अक्टूबर से 14 नवंबर, 2026 तक त्योहारों की भारी भीड़ के दौरान चलाया गया था। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुल 94,919 मामले पकड़े गए, जिनसे 8,22,99,300 रुपये की वसूली हुई। यह राशि डिवीजन के 7.65 करोड़ रुपये के लक्ष्य से 7.52% अधिक थी। साथ ही पिछले साल दिवाली के दौरान हुई 5.36 करोड़ रुपये की वसूली के मुकाबले इस बार इसमें 53.6% की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।"

क्या था अभियान चलाने का मकसद?

इस विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान जब यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है राजस्व के नुकसान को रोकना और प्रवर्तन को मजबूत करना था। अधिकारियों ने इस बढ़ोतरी का श्रेय पूरे डिवीजन में चलाए गए सघन टिकट-चेकिंग अभियान को दिया है। इसमें टिकट-चेकिंग स्टाफ और सुपरवाइजरों ने मिलकर काम किया, ताकि बिना टिकट और नियमों के खिलाफ यात्रा करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।

वेस्टर्न रेलवे ने बताया कि इस अभियान ने अपने लक्ष्य को पार कर लिया है। रेलवे ने इन नतीजों को अपनी टिकट-चेकिंग टीमों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

आंकड़ों में ऑपरेशन डीप

अवधि: 15 दिन (31 अक्टूबर – 14 नवंबर, 2026)

पकड़े गए मामले: 94,919

कुल वसूली: 8.23 करोड़ रुपये

वसूली का लक्ष्य: 7.65 करोड़ रुपये

लक्ष्य से अधिक वसूली: 7.52%

दीवाली 2025 की वसूली: 5.36 करोड़ रुपये

दीवाली 2026 की वसूली: 8.23 करोड़ रुपये

सालाना वृद्धि: 53.6%

यह भी पढ़ें: 'चिकन नेक' से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा पर संकट, जवानों की भारी कमी से जूझ रही सिलीगुड़ी GRP

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।