'चिकन नेक' से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा पर संकट, जवानों की भारी कमी से जूझ रही सिलीगुड़ी GRP
सामरिक रूप से संवेदनशील सिलीगुड़ी कॉरिडोर से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सिलीगुड़ी जीआरपी कर्मियों की भारी कमी से जूझ रही है।

सिलीगुड़ी जीआरपी में जवानों की कमी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सामरिक रूप से संवेदनशील सिलीगुड़ी कारीडोर से गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सिलीगुड़ी जीआरपी खुद संसाधनों की कमी से जूझ रही है। भारत-बांग्लादेश और भारत-नेपाल सीमा से सटे रेल मार्गों से लेकर पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी इसी जीआरपी के कंधों पर है।
लेकिन, जिस रेल नेटवर्क की संवेदनशीलता राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है, वहां निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी ही नहीं हैं।
तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय रेल मार्गों पर चौकसी और ट्रेनों की सुरक्षा के बीच सिलीगुड़ी जीआरपी में मानव बल का संकट गहराता जा रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की नियुक्ति का प्रस्ताव राज्य पुलिस मुख्यालय को भेजा गया है।
सिलीगुड़ी जीआरपी का अधिकार क्षेत्र मुर्शिदाबाद से अलीपुरद्वार जिला पुलिस क्षेत्र तक फैला हुआ है। मालदा से अलीपुरद्वार के बीच करीब 10 थाने और पुलिस चौकियां इसके अधीन हैं। भारत-बांग्लादेश के बीच हल्दीबाड़ी, राधिकापुर-बिराल और सिंघाबाद-रहनपुर रेल मार्ग भी इसी के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। वहीं, भारत-नेपाल सीमा से सटे नक्सलबाड़ी, गलगलिया और ठाकुरगंज के रेल क्षेत्रों के साथ एनजेपी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था भी इसी जीआरपी के जिम्मे है।
एनजेपी को पूर्वोत्तर के दूसरे सबसे बड़े रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने के साथ विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय स्टेशन बनाने की परियोजना पर काम चल रहा है। दूसरी ओर, चिकेन नेक की सामरिक अहमियत को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस्लामपुर से सिलीगुड़ी तक भूमिगत रेल नेटवर्क विकसित करने की घोषणा की है। जाहिर है, रेल नेटवर्क का विस्तार होगा तो सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।
रेल मार्गों के जरिए मादक पदार्थों और शराब की तस्करी रोकना भी जीआरपी के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। बीते जुलाई से अब तक सिलीगुड़ी जीआरपी ने ट्रेनों से 1700 लीटर शराब, 800 किलो गांजा, नौ किलो ब्राउन शुगर, छह किलो याबा और प्रतिबंधित कफ सिरप की 1500 बोतलें जब्त की हैं। इस दौरान 130 मामले दर्ज कर तस्करी से जुड़े 130 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मादक पदार्थों की तस्करी के 65 और शराब की तस्करी के 51 मामले शामिल हैं।
कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि रेल नेटवर्क तस्करों के निशाने पर है। लेकिन गिरफ्तारियों के बाद इन मामलों की जांच को मुकाम तक पहुंचाना भी जीआरपी के लिए चुनौती बन रहा है।
अलीपुरद्वार, एनजेपी समेत विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली 10 ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की जिम्मेदारी भी सिलीगुड़ी जीआरपी के पास है। मौजूदा मानव बल से थानों का कामकाज, तस्करी के मामलों की जांच, स्टेशन पर निगरानी और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था एक साथ संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
फिलहाल सिलीगुड़ी जीआरपी में एएसआई और एसआई मिलाकर करीब 150 अधिकारी तथा लगभग 300 कांस्टेबल तैनात हैं। इस कमी को दूर करने के लिए 400 कांस्टेबल और एएसआई व एसआई स्तर के 100 अधिकारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव भेजा गया है।
सिलीगुड़ी जीआरपी के पुलिस अधीक्षक इंद्रवदन झा ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के बीच टीम उम्मीद से बढ़कर काम कर रही है। पिछले चार महीनों में मादक पदार्थों की 65 और शराब की 51 खेप जब्त की गई हैं। तस्करी गिरोह के 130 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य सरकार की मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत सभी मामलों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।