महाराष्ट्र में एकनाथ खडसे से मिले विनोद तावड़े, क्या छह साल बाद BJP में करेंगे वापसी?
भाजपा नेता विनोद तावड़े की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के एकनाथ खडसे से मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में अटकलें बढ़ा दी हैं।

विनोद तावड़े की मुंबई में एकनाथ खडसे से मुलाकात
HighLights
विनोद तावड़े ने मुंबई में एकनाथ खडसे से मुलाकात की।
खडसे ने मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट बताया।
यह मुलाकात रक्षा खडसे के आवास पर हुई थी।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े की हाल ही में राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधान परिषद सदस्य एकनाथ खडसे से हुई मुलाकात ने भी राजनीतिक गलियारों में अटकलों को जन्म दे दिया है। लेकिन खडसे ने इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया और किसी भी राजनीतिक महत्व की अटकलों को खारिज कर दिया है।
वास्तव में विनोद तावड़े केंद्र सरकार में मंत्री रक्षा खडसे के मुंबई स्थित आवास पर गए थे, जहां उनकी मुलाकात एकनाथ खडसे से हुई। रक्षा खडसे एकनाथ खडसे की पुत्रवधू हैं।
इस मुलाकात के बाद खडसे ने कहा कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी। वह केवल मेरा हालचाल पूछने आए थे और यह सिर्फ सद्भावना भेंट थी। बता दें कि खडसे ने भाजपा में लगभग चार दशक बिताए हैं।
पहले BJP में ही खडसे
2014-19 तक फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान एक अवैध भूमि सौदे के आरोप के बाद 2016 में खडसे को राजस्व मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। फिर उन्होंने अक्टूबर 2020 में पार्टी छोड़ दी थी।
खडसे ने सार्वजनिक रूप से अपने इस कदम का कारण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मंत्री गिरीश महाजन सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ मतभेद को बताया था।
बाद में वह शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (तब अविभाजित) में शामिल हो गए थे। शरद पवार ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य बना दिया था।
जून 2023 में, तावड़े ने सार्वजनिक रूप से खडसे से भाजपा में लौटने की अपील करते हुए कहा था कि पार्टी को उनके जैसे अनुभवी नेता की जरूरत है।
उस समय, तावड़े ने यह भी कहा था कि हालांकि खडसे की मुखर शैली पार्टी के भीतर हमेशा स्वीकार्य नहीं हो सकती है, फिर भी वे उन नेताओं में से हैं जिन्हें भाजपा फिर से अपने पाले में देखना चाहेगी।
