विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर मुंडवाया, किराए का घर बदला... गिरफ्तारी से बचने के लिए तरकीबें निकाल रहा था टाइगर पर हमला करने वाला शूटर

Published: Tue, 20 Oct 2026 03:54 PM (IST)

टाइगर श्रॉफ पर हमले के आरोपी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना सिर मुंडवाया और बार-बार किराए के घर बदले।

शूटर ऋतिक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हुलिया बदला

शूटर ऋतिक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हुलिया बदला

HighLights

  1. शूटर ऋतिक ने गिरफ्तारी से बचने को सिर मुंडवाया।

  2. आरोपी ने बार-बार अपने किराए के घर बदले।

  3. ऋतिक ने दो महीने पहले से हुलिया बदलना शुरू किया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर पुलिस ने जांच के दौरान एक और खुलासा किया है पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की घटना के आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना सिर मुंडवा लिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना किराए का घर बदल रहा था।

दो महीने पहले से हुलिया बदलना शुरू

जांचकर्ताओं के मुताबिक ऋतिक कुमार उर्फ रोशन जिसने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अभिनेता पर गोलीबारी की थी। उसने हमले की योजना बनने के करीब दो महीने पहले से ही अपना हुलिया बदलना शुरू कर दिया था।

ऋतिक मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और मुंबई आने से पहले वह लंबे बाल रखता था। लेकिन इस हमले से पहले उसने अपना सिर पूरी तरह मुंडवा लिया था, जांचकर्ताओं का मानना है कि हुलिया बदलने का यह कदम जानबूझकर उठाया गया था ताकि वह पहचाना न जा सके।

जानकारी के मुताबिक ऋतिक ने ऐसा कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसका पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड है और पुलिस के पास उसका पूरा विवरण है। जांचकर्ताओं ने बताया कि जिस समय आरोपी ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की और वहां से फरार हुआ, उस समय उसके बाल फिर से लंबे होने लगे थे।

पुलिस की जांच के दौरान हुलिया बदलने की यह बात तब सामने आई, जब जांचकर्ताओं ने घटना से पहले और बाद में ऋतिक द्वारा अपनी पहचान छिपाने के लिए उठाए गए कदमों की कड़ियां जोड़ीं।

ऋतिक ने बार-बार बदला किराए का घर

पुलिस को शक है कि ऋतिक ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बार-बार अपना किराए का घर भी बदला। ऋतिक करीब चार साल पहले बेगूसराय से मुंबई आया था और तब से रैपिडो ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि अन्य आरोपियों के संपर्क में आने और गोलीबारी की घटना के लिए शामिल किए जाने के बाद उसने पकड़े जाने से बचने के लिए अपने किराए के कमरे बदलने शुरू कर दिए थे।

एक अहम खुलासे में जांचकर्ताओं को पता चला कि गिरफ्तारी के बाद ऋतिक ने पुलिस को जो पता दिया था वो उसके पुराने घर का था जिसे वह महीनों पहले ही छोड़ चुका था।

पड़ोसियों ने ऋतिक के बारे खुलासे किए

ऋतिक के पड़ोसियों ने बताया कि वह ज्यादातर अपने आप में ही रहता था और दूसरों से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। उन्होंने कहा, 'हमें लगा कि ऋतिक बस एक आम डिलीवरी वर्कर है। किसी आपराधिक मामले में उसके शामिल होने की बात सुनकर हमें गहरा झटका लगा है। यहां के ज्यादातर लोगों ने उसे बस कभी-कभार ही इलाके में आते-जाते देखा था।'

पड़ोस के एक बच्चे ने बताया कि ऋतिक एक हरे रंग का स्कूटर चलाता था और कभी-कभी अपनी डिलीवरी पूरी करने के बाद बच्चों को पिज्जा के बचे हुए सीजनिंग दे देता था।

क्या है पूरा मामला?

रविवार शाम को टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है ऋतिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान और हरियाणा का ही रहने वाला फूल सिंह । जानकारी के मुताबिक उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कहने पर अभिनेता पर हमला किया था।

यह भी पढ़ें- 'ऑपरेशन पूरा हुआ', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद शूटर्स ने अपने हैंडलर्स को भेजी थी जानकारी