विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maharashtra: सुप्रिया सुले ने वॉट्सऐप स्टेटस पर दिए अपनी उम्मीदवारी के संकेत, बारामती में रोचक बना राजनीतिक समीकरण

Published: Fri, 01 Mar 2024 08:22 PM (IST)

महाराष्ट्र के बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर अपने नाम के आगे अपनी पार्टी ‘राकांपा शरदचंद्र ...और पढ़ें

सुप्रिया सुले ने वाट्सऐप स्टेटस पर दिए अपनी उम्मीदवारी के संकेत। फाइल फोटो।
सुप्रिया सुले ने वाट्सऐप स्टेटस पर दिए अपनी उम्मीदवारी के संकेत। फाइल फोटो।

HighLights

  1. सुप्रिया सुले ने अपने वाट्सएप्प स्टेटस पर लगाया 'राकांपा शरदचंद्र पवार' का चुनाव निशान ‘तुरही’
  2. चुनाव आयोग ने शरद पवार को किया है नया चुनाव चिह्न ‘तुरही बजाता आदमी’ आवंटित

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर अपने नाम के आगे अपनी पार्टी ‘राकांपा शरदचंद्र पवार’ का चुनाव निशान ‘तुरही’ लगाकर सांकेतिक रूप से बारामती से अपनी उम्मीदवारी घोषित कर दी है। इस सीट से उनका मुकाबला उनके चचेरे भाई एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार से होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

बारामती का राजनीतिक समीकरण बना रोचक

दिग्गज नेता शरद पवार के भतीजे अजीत पवार द्वारा उनसे बगावत के बाद बारामती क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण रोचक बन गए हैं। राकांपा में टूट के बाद चुनाव आयोग एवं महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने मूल पार्टी राकांपा एवं उसके चुनाव चिह्न घड़ी पर अधिकार अजीत पवार गुट को देकर शरद पवार की मुसीबतें बढ़ा दी हैं।

आयोग ने आवंटित किया है नया चुनाव चिह्न

चुनाव आयोग ने पवार को नया चुनाव चिह्न ‘तुरही बजाता आदमी’ आवंटित किया है। कुछ दिनों पहले ही शरद पवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज के रायगढ़ किले पर जाकर अपना नया चुनाव चिह्न लांच किया था। आज सुप्रिया सुले ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर अपने नाम और पार्टी के नए नाम के सामने पार्टी का नया चुनाव चिह्न लगाकर अपनी उम्मीदवारी घोषित कर दी। हालांकि, अभी महाविकास आघाड़ी के दलों में सीटों के बंटवारे की कोई सूची जारी नहीं हुई है।

दूसरी ओर भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट एवं राकांपा अजीत गुट की ओर से भी सीटों के बंटवारे की कोई सूची नहीं जारी हुई है। लेकिन यह मानकर चला जा रहा है कि बारामती संसदीय क्षेत्र से राकांपा अजीत गुट ही चुनाव लड़ेगा। इसीलिए भाजपा ने राज्य की जिन 23 सीटों के लिए अपने निरीक्षकों की घोषणा की है, उनमें बारामती शामिल नहीं है। इस सीट से अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के चुनाव लड़ने की चर्चा है।

मुख्यमंत्री- उपमुख्यमंत्री टाल गए शरद पवार का भोज निमंत्रण

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दो मार्च को बारामती में शरद पवार द्वारा अपने घर पर भोज के लिए दिया गया निमंत्रण टाल गए हैं। शिंदे और फडणवीस ने उस दिन व्यस्तता अधिक होने का हवाला देते हुए कहा है कि उस दिन वह भोज में आने का सम्मान स्वीकार नहीं कर पाएंगे।

मालूम हो कि दो मार्च को बारामती में ही नमो रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उसी विद्या प्रतिष्ठान में हो रहा है, जिसके संस्थापक अध्यक्ष शरद पवार हैं। इस आयोजन में मुख्यमंत्री शिंदे के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं अजीत पवार भी उपस्थित रहनेवाले हैं। इसलिए शरद पवार ने इन तीनों को अपने आवास पर दोपहर के भोज का निमंत्रण दिया था।

यह भी पढ़ेंः TMC नेता कुणाल घोष ने राज्य प्रवक्ता व महासचिव के पद से दिया इस्तीफा, इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल से हटाई पार्टी की पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।