विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'क्या बकवास है', स्पाइसजेट की उड़ानें रद होने से मुंबई एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी; यात्रियों का फूटा गुस्सा

Published: Thu, 30 Apr 2026 01:41 PM (IST)

स्पाइसजेट की मुंबई से बेंगलुरु, दिल्ली और अहमदाबाद की कई उड़ानें देर रात और सुबह रद्द या अत्यधिक देरी से ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुंबई से कई स्पाइसजेट उड़ानें रद

  2. यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा

  3. खराब मौसम को देरी का कारण बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई से बेंगलुरु, अहमदाबाद और दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की देर रात की उड़ानों में बुधवार रात और गुरुवार तड़के सैकड़ों यात्रियों को अत्यधिक देरी और उड़ानों के रद होने के कारण भारी परेशनी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को हवाई अड्डे पर घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उनमें काफी नाराजगी देखी गई।

सबसे अधिक परेशानी मुंबई से बेंगलुरु जाने वाली स्पाइसजेट की रेड-आई उड़ान को हुई, जो निर्धारित समय से नौ घंटे की देरी से रवाना हुई। मुंबई से दिल्ली और बेंगलुरु जाने वाली रात की अन्य उड़ानें पहले काफी देरी के बाद अंततः रद कर दी गईं।

मुंबई से गोरखपुर जाने वाली दिन की उड़ान भी पूरी तरह रद कर दी गई, जबकि मुंबई-अहमदाबाद रात की उड़ान लगभग तीन घंटे की देरी से उड़ान भर सकी।

फ्लाइट में 9 घंटे की देरी

स्पाइसजेट की उड़ान SG 874 को बुधवार रात 1:55 बजे मुंबई से बेंगलुरु के लिए रवाना होना था। यात्री आधी रात के आसपास ही मुंबई टर्मिनल-1 पर पहुंच चुके थे।

एक यात्री शिवांगी पाठक ने सुबह 8:50 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि SpiceJet की उड़ानों के साथ आखिर क्या गड़बड़ है! मैं कल आधी रात से मुंबई T1 हवाई अड्डे पर इंतज़ार कर रही हूँ और उड़ान बार-बार देर से चल रही है” उन्होंने अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर भी शेयर की, जिसमें नया प्रस्थान समय सुबह 7:45 बजे दिखाया गया था।

सोशल मीडिया पर स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार हो रही देरी और रद को लेकर यात्रियों का गुस्सा जाहिर करना कोई नई बात नहीं है। गुरुवार सुबह सीमांत नूनीवाला ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी उड़ान SG 164 (मुंबई-दिल्ली) कई घंटों की देरी के बाद रद कर दी गई।

हवाई अड्डे पर उन्हें किसी तरह की मदद नहीं मिली और रिफंड के लिए दिया गया लिंक भी काम नहीं कर रहा था। उन्हें नई उड़ान बुक करने के लिए 15,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े, जबकि स्पाइसजेट की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

कई उड़ानों में लगातार हो रही देरी

स्पाइसजेट की शाम 4:35 बजे अहमदाबाद जाने वाली उड़ान SG 880 को रद कर दिया गया। वहीं SG 696 उड़ान, जो सुबह 2:20 बजे रवाना होनी थी, सुबह 5:17 बजे चली और अंत में सुबह 10:46 बजे रवाना हुई। इस तरह यह उड़ान अपने निर्धारित समय से लगभग नौ घंटे देरी से उड़ान भर सकी।
स्पाइसजेट का आधिकारिक बयान

स्पाइसजेट ने रद्द की गई उड़ानों पर बयान जारी करते हुए कहा कि 29 अप्रैल को तीन उड़ानें SG 631 (मुंबई-दिल्ली), SG 553 (मुंबई-गोरखपुर) और SG 669 (मुंबई-बेंगलुरु) को ऑपरेशनल कारणों से रद्द करना पड़ा। इनमें एक विमान का ग्राउंड होना और बागडोगरा स्टेशन पर खराब मौसम के कारण क्रू की फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) सीमा पूरी हो जाना मुख्य कारण थे।

एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को समायोजित करने के लिए गुरुवार को अतिरिक्त उड़ानें चलाई जा रही हैं। मुंबई-अहमदाबाद की दो उड़ानें भी वाराणसी और बागडोगरा में खराब मौसम के कारण देरी से रवाना हुईं।

SpiceJet का खराब ऑन-टाइम प्रदर्शन

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जारी मार्च महीने के आंकड़ों के अनुसार, स्पाइसजेट का ऑन-टाइम प्रदर्शन (OTP) मात्र 43 प्रतिशत रहा, जो भारतीय एयरलाइनों में सबसे कम है। मुंबई हवाई अड्डे पर इसका प्रदर्शन और भी खराब रहा, जहां केवल 29 प्रतिशत उड़ानें ही समय पर रवाना हो सकीं। वहीं हैदराबाद में इसका OTP सबसे बेहतर रहा, जहां 64 प्रतिशत उड़ानें समय पर चलीं।

यह भी पढ़ें- मुंबई एयरपोर्ट के बाद उरण के कार्गो गोदाम में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार