9 साल का ट्रायल, चार जजों का तबादला और 150 गवाह... शीना बोरा हत्याकांड में जल्द शुरू होगी अंतिम बहस
शीना बोरा हत्याकांड में सीबीआई ने 150 गवाहों से पूछताछ पूरी कर अपने सबूत पेश करने की प्रक्रिया बंद कर दी है।

शीना बोरा हत्याकांड में कोर्ट में अंतिम बहस का इंतजार। (फोटो-जागरण आर्काइव)
HighLights
सीबीआई ने 150 गवाहों से पूछताछ पूरी की।
नौ साल बाद मामला अंतिम बहस की ओर।
इंद्राणी, पीटर, खन्ना मुख्य आरोपी हैं।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश के सबसे चर्चित और हाई प्रोफाइल मामलों में शामिल शीना बोरा हत्याकांड की सुनवाई अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है।
नौ साल, चार जज, एक तलाक, पीड़िता के जीवित होने के दावे, तीनों मुख्य आरोपियों को जमानत और कोरोना महामारी के कारण आई बाधाओं के बाद, अभियोजन पक्ष (CBI) ने मंगलवार को विशेष अदालत में 150 गवाहों से पूछताछ पूरी कर अपने सबूत पेश करने की प्रक्रिया बंद कर दी है। अभियोजन पक्ष ने मंगलवार को विशेष CBI अदालत को इस बारे में जानकारी दी।
इस बहुचर्चित मुकदमे में पूर्व मीडिया एग्जीक्यूटिव इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी हैं।
अब आगे क्या होगा?
अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी होने के बाद अब मुकदमा अगले चरण में प्रवेश करेगा। अगर आरोपी बचाव पक्ष की ओर से कोई गवाह पेश नहीं करते हैं तो विशेष CBI अदालत क्रिमिनल प्रोसीजर कोड (CrPC) की धारा 313 के तहत उनके बयान दर्ज करेगी।
इसमें मुकदमें के दौरान पेश किए गए सबूतों के आधार पर उनसे सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से अंतिम बहस होगी। फिर अदालत अपना फैसला सुरक्षित रख लेगी।
CBI के क्या हैं आरोप?
CBI का आरोप है कि इंद्राणी, पीटर, खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की बेटी शीना बोरा (जो उनके पिछले रिश्ते से थी) के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी।
CBI के अनुसार 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी खन्ना और राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया, उसे बेहोश किया और गला घोंटकर मार डाला। बाद में उन्होंने उसके शव को रायगढ़ के पेन इलाके के एक जंगल में ठिकाने लगा दिया।
2015 में खुला था हत्या का राज
यह कथित हत्या अगस्त 2015 में तब सामने आई, जब अवैध हथियारों के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से खार पुलिस ने पूछताछ की।
इसके बाद इंद्राणी और खन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया। नवंबर 2015 में जब पुलिस ने इंद्राणी, खन्ना और राय के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
नवंबर 2015 में चार्जशीट दाखिल होने के समय पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में जांच CBI को सौंप दी गई और ड्राइवर श्यामवर राय सरकारी गवाह बन गया।
जनवरी 2017 में अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और अपहरण के आरोप तय किए।
इंद्राणी और खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल की हत्या की कोशिश का भी आरोप लगा, हालांकि पीटर पर यह आरोप नहीं लगा। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया।
कौन-कौन थे मुख्य गवाह और किन्हें छोड़ा?
फरवरी 2017 में शुरू हुई सुनवाई में कुल 150 गवाहों के बयान दर्ज हुए, जिनमें मुख्य गवाहों में श्यामवर राय, शीना के पिता सिद्धार्थ दास और भाई मिखाइल बोरा शामिल थे।
इंद्राणी और खन्ना की बेटी विधि मुखर्जी, तथा पीटर के बेटे और शीना के मंगेतर राहुल मुखर्जी भी गवाहों की लिस्ट में शामिल थे।
इंद्राणी की पूर्व असिस्टेंट काजल शर्मा, पूर्व हाउसकीपर प्रदीप वाघमारे और वरिष्ठ IPS अधिकारी देवेन भारती ने भी मामले में अपनी गवाही दर्ज कराई और आखिर में CBI के जांच अधिकारी के. के. सिंह भी इस मामले में गवाह रहा।
वहीं, दिसंबर 2023 में CBI ने 23 ऐसे गवाहों की सूची सौंपी थी, जिनसे एजेंसी ने पूछताछ न करने का फैसला किया। इन अविश्वसनीय गवाहों में मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर राकेश मारिया का नाम भी शामिल था, जिनके कार्यकाल में इस मामले की शुरुआती जांच शुरू हुई थी।
9 साल के ट्रायल में क्या आया सामने?
जुलाई 2017 में सरकारी गवाह राय ने गवाही दी और हत्या से लेकर शव ठिकाने लगाने तक का पूरा घटनाक्रम बताया। 2020 तक 67 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी थी।
अक्टूबर 2019 में हिरासत में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। उन्होंने 2002 में शादी की थी। मार्च 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट से पीटर को जमानत मिली, जिसके तुरंत बाद कोविड लॉकडाउन के कारण सुनवाई रुक गई और फरवरी 2021 में फिर शुरू हुई।
दिसंबर 2021 में इंद्राणी ने CBI को पत्र लिखकर सनसनीखेज दावा किया कि भायखला जेल की एक महिला कैदी ने उसे बताया है कि शीना जिंदा है और कश्मीर में रह रही है। CBI ने इसे "कोरी कल्पना" बताया, जिसके बाद इंद्राणी ने खुद ही अपनी अर्जी होल्ड पर रख दी।
मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट से इंद्राणी को जमानत मिली, जिसके बाद उन्होंने एक किताब लिखी, एक OTT डॉक्यूमेंट्री में हिस्सा लिया और नाटकों में भी अभिनय किया। जून 2022 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने संजीव खन्ना को भी जमानत दे दी।
एच एस महाजन, जे सी जगदाले और एस पी नाइक-निंबालकर के बाद, विशेष CBI जज जे पी दरेकर इस मामले की सुनवाई करने वाले चौथे जज हैं। मार्च 2025 में उन्होंने हाई कोर्ट के निर्देशानुसार मामले की रोजाना सुनवाई शुरू की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।