विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनिया गांधी की किताब में सावरकर पर टिप्पणी को लेकर विवाद, सात्यकि ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी; कहा-बिना प्रमाण किए गए दावे

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:58 PM (IST)

सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर पर की गई टिप्पणियों को लेकर उनके प्रपौत्र सात्यकि सावरकर ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सात्यकि सावरकर ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी। (फोटो-जागरण ग्राफिक्स)

सात्यकि सावरकर ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी। (फोटो-जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. सात्यकि सावरकर ने सोनिया गांधी की किताब पर आपत्ति जताई।

  2. सावरकर पर टिप्पणी को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

  3. महाराष्ट्र में किताब को लेकर राजनीतिक विवाद गहराया।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर वीर सावरकर के प्रपौत्र सात्यकि सावरकर ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं।

उन्होंने कहा कि वह अपनी कानूनी टीम और अधिवक्ता से इस मामले में विचार-विमर्श कर रहे हैं। यदि पुस्तक में सावरकर को लेकर किए गए दावे तथ्यहीन और निराधार पाए गए तो वह सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

अपने परदादा वीर सावरकर पर की गई एक टिप्पणी को लेकर सोनिया गांधी के पुत्र एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मानहानि का एक मुकदमा लड़ रहे हैं।

सात्यकि सावरकर ने कहा है कि उन्होंने अभी पूरी पुस्तक नहीं पढ़ी है। कर्नाटक में वीर सावरकर पर भाषण देने के लिए यात्रा के दौरान उन्होंने पुस्तक के कुछ पन्ने देखे हैं, जिनमें सावरकर का उल्लेख किया गया है। इन पन्नों में उन्हें कुछ ऐसे वाक्य मिले हैं, जिनके समर्थन में कोई संदर्भ या प्रमाण नहीं दिया गया है।

उनका कहना है कि किसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व के बारे में टिप्पणी करते समय तथ्यों और प्रामाणिक संदर्भों का होना जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य फिलहाल पुस्तक पर प्रतिबंध लगवाना नहीं है। वह पहले संबंधित टिप्पणियों और उनमें दिए गए संदर्भों की जांच करेंगे।

इसके बाद ही कानूनी कदम उठाने का फैसला करेंगे। दरअसल, सोनिया गांधी की पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 में वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के नेताओं ने बुधवार को मुंबई में पत्रकार वार्ता के दौरान पुस्तक के पन्ने फाड़कर विरोध जताया था।

पार्टी नेताओं शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे ने इन टिप्पणियों को सावरकर का अपमान बताते हुए प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से संबंधित अंश हटाने की मांग की थी।

शिवसेना प्रवक्ता आनंद परांजपे ने गुरुवार को सवाल उठाया कि क्या उद्धव ठाकरे सोनिया गांधी की पुस्तक में सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों की निंदा करेंगे ?

उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने 2019 में मुख्यमंत्री पद के लालच में बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और हिंदुत्व से समझौता कर कांग्रेस और राकांपा के साथ गठबंधन किया था। उन्होंने 2004 में सावरकर के समर्थन में शिवाजी पार्क में हुए ‘जूते मारो आंदोलन’ में उद्धव ठाकरे की भागीदारी का भी उल्लेख किया।

इस बीच, महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने शिवसेना के विरोध पर पलटवार किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दूसरे सरसंघचालक एमएस गोलवलकर की पुस्तक 'बंच ऑफ थॉट्स' का हवाला देते हुए भाजपा और शिंदे गुट को चुनौती दी कि यदि वे सावरकर के अपमान का विरोध कर रहे हैं तो गोलवलकर की पुस्तक के उन अंशों पर भी सवाल उठाएं, जिनमें सावरकर की विचारधारा की आलोचना की गई है।

सावंत ने सोनिया गांधी की पुस्तक में पृष्ठ 201 पर लिखी बातों को ऐतिहासिक तथ्य बताते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी वैचारिक असहमति को बहस के माध्यम से व्यक्त करने में विश्वास करती है। विवाद के बीच शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर वाला कागज अनजाने में फाड़ने के मामले में गुरुवार को माफी भी मांगी।

उन्होंने कहा कि बालासाहेब उनके लिए पिता तुल्य और पूजनीय थे। यदि उनके कृत्य से शिवसैनिकों की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह क्षमा मांगती हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शाइना के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की किताब के विरोध में शाइना एनसी ने गलती से फाड़ दी बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर! महाराष्ट्र में सियासी घमासान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।