'बिश्नोई गैंग का कुछ नहीं बिगाड़ सकती', टाइगर पर फायरिंग के बाद विपक्ष ने फडणवीस सरकार को घेरा
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में विपक्ष ने सरकार को घेरा।
HighLights
विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री फडणवीस से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग।
बिश्नोई गैंग के सामने सरकार को कमजोर बताया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद विपक्ष ने रविवार को महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि शहर और राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने देवेंद्र फडणवीस सरकार पर राज्य में जंगलराज कायम करने का आरोप लगाया और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि फडणवीस मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे हैं।
राज्य सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर फायरिंग और अभिनेताओं व फिल्म निर्माताओं को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाया।
'बिश्नोई गैंग का कुछ नहीं बिगाड़ सकती सरकार'
एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि अगर स्थिति संभालना मुश्किल हो गया है, तो गृह विभाग किसी सक्षम मंत्री को सौंप देना चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि यह मुख्यमंत्री के लिए चेतावनी है कि सरकार बिश्नोई गैंग का कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की कोशिश, 7 राउंड फायरिंग; एक गिरफ्तार; अब तक क्या-क्या हुआ?
