एनसीपी के विलय पर सुनेत्रा पवार की 'ना', सुप्रिया सुले ने भी लगाया 'फुल स्टॉप'
एनसीपी के संभावित विलय को लेकर सुनेत्रा पवार ने कड़ा विरोध जताया है, उन्हें अपने गुट के अस्तित्व पर खतरा महसूस हो रहा है।

सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले। (फाइल फोटो।)
डिजिटल डेस्क, मुंबई। एनसीपी के दो गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों के बीच पार्टी की मौजूदा प्रमुख सुनेत्रा पवार ने इन दोनों गुटों के एक साथ आने का कड़ा विरोध किया है। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी प्रमुख का पद संभालने वाली सुनेत्रा पवार ने महायुति नेताओं के सामने विलय के विचार पर अपना कड़ा विरोध जताया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से जानकारी दी गई है कि सुनेत्रा पवार का कहना है कि शरद पवार वाले एनसीपी गुट का एनडीए में एक स्वतंत्र पार्टी के तौर पर स्वागत है लेकिन वे विलय के पूरी तरह खिलाफ हैं।
गुट के अस्तित्व पर खतरे का डर
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि सुनेत्रा पवार को डर है कि शरद पवार गुट के साथ विलय से उनके अपने गुट के अस्तित्व पर ही खतरा आ जाएगा। ये गुट फिलहाल महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के साथ सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।
उन्होंने सहयोगियों को स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि एनसीपी (एसपी) एक अलग इकाई के रूप में एनडीए में शामिल हो जाए। विलय के खिलाफ सुनेत्रा पवार का सख्त रुख गृह मंत्री अमित शाह के 16 और 17 नवंबर को पुणे दौरे से कुछ दिन पहले सामने आया है। उम्मीद है कि इस दौरे के दौरान शाह सुनेत्रा पवार से मुलाकात करेंगे और बातचीत के एजेंडे में विलय का मुद्दा भी शामिल हो सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्र सरकार संसद में अपनी संख्या बल को मजबूत करने के लिए इन दोनों गुटों का विलय कराने की इच्छुक दिख रही है, ताकि परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को पारित कराया जा सके।
सुप्रिया सुले की प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात
दोनों गुटों के नेताओं के बीच हुई कई मुलाकातों ने विलय की चर्चाओं को हवा दे दी है। एनसीपी (एसपी) की अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने दिल्ली में एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात की, जो विलय के समर्थक हैं। इस मुलाकात ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
हालांकि, एक इंटरव्यू के दौरान सुले ने विलय को लेकर किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया था। उन्होंने कहा था, "विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है और जो भी बातचीत चल रही थी, वह अजीत पवार के निधन के साथ ही खत्म हो गई।" जब उनसे पूछा गया कि विलय में क्या रुकावट थी तो सुले ने कहा, "ऐसा कोई सवाल ही नहीं है। बातचीत तब हुई थी जब मेरे भाई जीवित थे। हमारी भी वैसी ही भावनाएं थीं। उनके निधन के बाद यह मामला वहीं खत्म हो गया।"
शनिवार को सुप्रिया सुले ने फिर दोहराया कि अब विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा, "मेरे भाई (अजित पवार) के अलग हो जाने के बाद हमने अपनी तरफ से इस मुद्दे पर पूर्ण विराम लगा दिया है।"
उद्धव की सेना भी कूदी
इस बीच एनसीपी (एसपी) की सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) ने कहा है कि शरद पवार की पार्टी के कुछ नेता मंत्री पद पाने के लिए बेताब हैं और विलय के लिए जोर दे रहे हैं। पार्टी ने पवार को इस विलय के कदम के प्रति आगाह भी किया है।
संजय राउत ने एक्स पर पोस्ट किया, "शरद पवार की पार्टी में शायद कुछ ऐसे लोग हों जो मंत्री पद पाने के लिए बेताब हैं। उनके लिए शरद पवार का उन सिद्धांतों को खत्म कर देना सही नहीं है, जिनका उन्होंने जीवन भर पालन किया है। अगला सवाल यह है कि इस खेल में कौन किसमें विलय करेगा। शरद पवार का ऐसे गुट के साथ बातचीत करते रहना जो बीजेपी के तलवे चाटता है राज्य की परंपराओं के अनुरूप नहीं है। इससे महाराष्ट्र में भ्रम और संदेह का माहौल बन रहा है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।