महाराष्ट्र में गोकुल डेरी के नामित निदेशकों वाले अध्यादेश पर रोक नहीं, बॉम्बे HC ने जारी किया निर्देश
बॉम्बे हाई कोर्ट ने गोकुल डेरी के चार नामित निदेशकों को वोट देने का अधिकार देने वाले महाराष्ट्र सरकार के अध्यादेश पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया है।

बॉम्बे हाई कोर्ट ने जारी किया निर्देश । (फाइल फोटो।)
HighLights
हाई कोर्ट ने गोकुल डेरी अध्यादेश पर रोक से इनकार किया।
नामित निदेशक गोकुल डेरी अध्यक्ष चुनाव में वोट डालेंगे।
कोल्हापुर में अध्यादेश के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन।
डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। बॉम्बे हाई कोर्ट ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार के उस अध्यादेश पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया, जिसके तहत गोकुल डेरी बोर्ड के चार नामित निदेशकों को वोट देने का अधिकार दिया गया है। इस बीच, कोल्हापुर में विपक्षी नेताओं और डेरी किसानों ने इसे "सहकारी लोकतंत्र पर सीधा हमला" बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
अध्यादेश की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट की औरंगाबाद पीठ ने फैसला सुनाया कि चार नामित निदेशक 10 नवंबर को होने वाले कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (गोकुल डेरी) के अध्यक्ष चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे और वोट डाल सकेंगे।
कोर्ट ने निर्देश भी दिया
हालांकि, कोर्ट ने निर्देश दिया कि उनके वोटों को एक अलग मतपेटी में रखा जाए। न्यायमूर्ति नीरज धोटे की पीठ ने यह भी आदेश दिया कि मंगलवार को होने वाली पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जाए। साथ ही मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर के लिए तय कर दी गई।
25 सदस्यीय नवनिर्वाचित बोर्ड में कांग्रेस एमएलसी सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने 13 सीटें जीतकर मामूली बहुमत हासिल किया, जबकि महायुति समर्थित पैनल 12 सीटों के साथ अल्पमत में आ गया। हालांकि, राज्य सरकार ने एक अध्यादेश पारित कर चार अतिरिक्त निदेशकों को नामित किया और उन्हें वोट देने का अधिकार दे दिया।
नए अध्यादेश को पिछली तारीख से लागू करने के कड़े विरोध के बावजूद सरकार ने यह अनिवार्य कर दिया कि चार नामित सदस्यों सहित सभी 29 निदेशक अध्यक्ष पद के चुनाव में वोट डालने के पात्र होंगे।
कोल्हापुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन
इस बीच, कोल्हापुर की सड़कों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। राज्य कैबिनेट के फैसले के खिलाफ विपक्षी नेता और किसान अपने मवेशियों के साथ जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च करते हुए पहुंचे। गोकुल डेरी का सालाना टर्नओवर 4,000 करोड़ रुपये से अधिक है। कांग्रेस एमएलसी सतेज पाटिल ने कहा कि मैं 5.5 लाख किसानों के हितों के लिए लड़ रहा हूं, जबकि सत्ता पक्ष अपने परिवार के सदस्यों को चुनाव जिताने के लिए काम कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।