गोकुल दुग्ध संघ विवाद: मनोनीत निदेशकों को वोटिंग अधिकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों किसान, कोल्हापुर में प्रदर्शन
महाराष्ट्र सरकार द्वारा गोकुल दुग्ध सहकारी संघ में मनोनीत निदेशकों को मतदान का अधिकार देने के निर्णय के खिलाफ कोल्हापुर में विपक्षी दलों और दुग्ध उत्पादक किसानों ने प्रदर्शन किया।

किसानों का विरोध प्रदर्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के गोकुल दुग्ध सहकारी संघ में चार मनोनीत निदेशकों को मतदान का अधिकार देने के निर्णय के खिलाफ सोमवार को कोल्हापुर में विपक्षी दलों और दुग्ध उत्पादक किसानों ने प्रदर्शन किया।
राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाडी के नेतृत्व में दुग्ध उत्पादक किसान अपने मवेशियों के साथ सड़कों पर उतरे और अध्यादेश के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला।
इस अध्यादेश से 25 सदस्यीय निदेशक मंडल में सत्तारूढ़ महायुति की सदस्य संख्या प्रभावी रूप से 12 से बढ़कर 16 हो जाएगी, जिससे मंडल में बहुमत का समीकरणबदल जाएगा। पिछले सप्ताह महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों को छोड़कर 500 करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक कारोबार वाले सहकारी संस्थानों की प्रबंध समितियों में सरकार द्वारा मनोनीत पांच सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इनमें से चार सदस्यों को निदेशक मंडल में मतदान का अधिकार मिलेगा।
कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाडी ने 19 अक्टूबर को कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के चुनाव में 25 में से 13 सीट पर जीत हासिल की थी। यह संघ ‘गोकुल’ के नाम से लोकप्रिय है। महायुति समर्थित समूह ने 12 सीट जीती थीं।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)