विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिशा सालियान मामले में नितेश राणे का दावा- विदेश जा सकते हैं आदित्य ठाकरे, पासपोर्ट जब्त करने की मांग

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:58 PM (IST)

नितेश राणे ने दिशा सालियान मौत मामले में आदित्य ठाकरे पर देश से बाहर जाने की तैयारी का आरोप लगाया है।

नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे पर देश छोड़ने की आशंका जताई

नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे पर देश छोड़ने की आशंका जताई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। दिशा सालियान मौत मामले में भाजपा नेता और राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने दावा किया कि आदित्य ठाकरे या तो देश से बाहर जा चुके हैं अथवा विदेश जाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि मंगलवार को पुणे में छात्रों के एक कार्यक्रम में आदित्य ठाकरे के उपस्थित रहने की योजना है।

आदित्य ठाकरे का पासपोर्ट जब्त करने की मांग 

राणे ने रविवार को मुंबई में उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की ओर से आयोजित 'गर्जना मोर्चा' में आदित्य ठाकरे की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदित्य की गैरमौजूदगी के लिए बुखार होने की वजह बताई गई थी। लेकिन उन्हें आशंका है कि गिरफ्तारी के डर से वह सार्वजनिक मंच से दूर रहे।

राणे ने कहा कि यदि जांच एजेंसियों के पास किसी व्यक्ति के विदेश जाने की आशंका के ठोस कानूनी आधार हैं तो कानून में उपलब्ध प्रविधानों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने आदित्य ठाकरे का पासपोर्ट जब्त करने और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की मांग भी की। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई केवल आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होनी चाहिए।

12वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी दिशा की मौत 

दिशा सालियान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। आठ जून 2020 को मुंबई के मालाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी।

इसके कुछ दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास में मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच कथित संबंध को लेकर कई तरह के सवाल उठे थे।

मुंबई पुलिस ने जांच के बाद दिशा की मौत को आत्महत्या बताया था। दिशा के पिता ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। इसी मामले में बंबई हाई कोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एफआईआर दर्ज की है।

कोर्ट ने क्या कहा?

अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि एफआईआर में किसी व्यक्ति को आरोपित के रूप में नामित नहीं किया जाए। जबकि आदित्य ठाकरे पहले ही दिशा सालियान मामले से अपना नाम जोड़े जाने को राजनीतिक साजिश बता चुके हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से उनका नाम मामले से जोड़ रहे हैं।

हालांकि राणे दावा किया कि दिशा मामले से जुड़े एफआईआर और बयानों में आदित्य का नाम कई बार आया है और जांच एजेंसियों को उनसे पूछताछ कर तथ्यों को सामने लाना चाहिए।

अभिनेता डिनो मोरिया पर भी आरोप 

राणे ने अभिनेता डिनो मोरिया को लेकर भी आरोप लगाए और दावा किया कि वह केवल 'मुखौटा' थे तथा आदित्य ठाकरे उनके 'गॉडफादर' थे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है। 

इस बीच आदित्य ठाकरे ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिये घोषणा की कि वह मंगलवार को पुणे में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ शामिल होंगे।

उन्होंने सवाल उठाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हजारों छात्रों द्वारा इस्तीफे की मांग किए जाने के बावजूद एमपीएससी अध्यक्ष पद पर क्यों बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें- सामने आएगा दिशा सालियान की मौत का सच? फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई CCTV की हार्डडिस्क

यह भी पढ़ें- पेन ड्राइव में क्या है? दिशा सालियान के पिता सीबीआई को सौंपेंगे अहम सबूत