विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नागपुर में दीवाली की रात 24 घंटे में 42 जगह लगी आग, हाई कोर्ट ने पटाखों पर लगाया था बैन

Published: Tue, 10 Nov 2026 01:41 PM (IST)

बॉम्बे हाई कोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद, नागपुर में दिवाली की रात 24 घंटों में 42 आग की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 पटाखों के कारण थीं।

नागपुर में 24 घंटे में 42 जगह लगी आग

नागपुर में 24 घंटे में 42 जगह लगी आग

HighLights

  1. नागपुर में दिवाली पर 24 घंटे में 42 आग की घटनाएं।

  2. बॉम्बे हाई कोर्ट के पटाखे प्रतिबंध का नहीं हुआ पालन।

  3. TVS शोरूम, गोदाम सहित लाखों की संपत्ति का नुकसान।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने दीवाली पर पटाखे फोड़ने पर बैन लगाया था, लेकिन नागपुर में इस बैन का असर देखने को नहीं मिला। यहां 24 घंटों में आग लगने की 42 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 जगह आग पटाखों की वजह से लगी थी।

नागपुर नगर निगम (NMC) के फायर कंट्रोल रूम को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच 24 आपातकालीन कॉल मिलीं। यह वही समय था जिस दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट का पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लागू था।

पिछले साल के मुकाबले आग की घटनाएं दोगुने से भी ज्यादा

नागपुर में पिछले साल 17 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लगी भीषण आग की घटना भी शामिल थी। इस साल यह आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा हो गया।

आग लगने की घटनाओं में हुई यह बढ़ोतरी, खासकर रात 10 बजे की समय-सीमा के बाद यह दिखाती है कि कोर्ट के निर्देशों को ठीक से लागू नहीं किया गया।

पटाखों की वजह से लगी आग

NMC फायर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'आग लगने की 42 घटनाओं में से 34 के पीछे आसमान में जाने वाले पटाखे मुख्य कारण थे। लोगों ने तय समय के बाद भी पटाखे फोड़ना जारी रखा।'

इस हादसों के बीच गनीमत रही कि इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ, हालांकि लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

देव नगर TVS शोरूम में लगी आग

सावरकर रोड स्थित 'साई डायनामिक TVS' शोरूम में रात 8.30 बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि पटाखों का एक जलता हुआ रॉकेट शोरूम की दूसरी मंजिल पर जा गिरा।

इस घटना में लगभग 25 नए टू-व्हीलर, स्पेयर पार्ट्स, हेलमेट और अन्य एक्सेसरीज जलकर खाक हो गईं। पांच दमकल गाड़ियां तैनात की गईं और दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक आग से संघर्ष किया।

Nagpur fire incidents in 24 hours (1)

मेडिकल स्क्वायर हार्डवेयर गोदाम में आग

मेडिकल स्क्वायर के पास हल्दीराम के सामने, एक रिहायशी और कमर्शियल इमारत की छत पर बने अस्थायी हार्डवेयर गोदाम में रात 11 बजे आग लग गई। आशंका है कि पटाखों की चिंगारी से यह आग लगी, जिसमें प्लास्टिक के गमबूट, सेफ्टी बेल्ट, पेंट और अन्य हार्डवेयर का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

इस बचाव अभियान में छह दमकल गाड़ियां और 20 से ज्यादा दमकलकर्मी शामिल थे। ऊपरी मंजिलों पर फंसे परिवार के सदस्यों को हाइड्रोलिक सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

चिखली स्क्रैप यार्ड में आग

तीसरी घटना कलामना के चिखली देव चौक के पास रात 11.30 बजे एक स्क्रैप यार्ड में हुई। यहां माना जा रहा है कि पटाखों की चिंगारी से वहां जमा कबाड़ में आग लग गई। इस आग में बड़ी मात्रा में कबाड़ और दो दोपहिया वाहन जल गए।

आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एलपीजी सिलिंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे आग को बगल की इमारतों तक फैलने से रोक दिया गया।

शहर के कई हिस्सों से आग लगने की सूचना मिली, जिनमें नरेंद्र नगर, रामदासपेठ, बजाज नगर, प्रताप नगर, हुडकेश्वर, सक्करदरा, वाथोडा, जरीपटका, इतवारी, कामठी रोड और वर्धमान नगर शामिल हैं।

पहले से तैनात थी फायर ब्रिगेड

फायर विभाग ने उन इलाकों में पहले से ही दमकल गाड़ियां तैनात कर दी थीं, जहां आग लगने की ज्यादा आशंका थी, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके। उपलब्ध कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए प्रशिक्षुओं को भी काम पर लगाया गया था।

अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के बावजूद, लगभग 100 लोगों ने आपातकालीन स्थिति को संभालने में मदद की।

यह भी पढ़ें- मुंबई: मलाड में धमाके के बाद पटाखे की दुकान की छत गिरी, 16 साल के लड़के की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।