विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंबी छुट्टियों की वजह से मुंबई के अस्पतालों के गहराया खून का संकट, डॉक्टरों ने की रक्तदान की अपील

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:46 AM (IST)

लंबी छुट्टियों के कारण मुंबई के अस्पतालों और ब्लड बैंकों में खून की भारी कमी हो गई है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।

मुंबई के अस्पतालों में खून की कमी ने बढ़ाई मरीजों की परेशानी। (फाइल फोटो)

मुंबई के अस्पतालों में खून की कमी ने बढ़ाई मरीजों की परेशानी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. लंबी छुट्टियों के कारण मुंबई के अस्पतालों में खून की कमी।

  2. डॉ. परमेश की अपील पर 200 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित।

  3. बीएमसी प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के अस्पतालों और ब्लड बैंक में खून की भारी कमी आ गई है। सरकारी अस्पताल में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।

लोगों के छुट्टियों के दौरान शहर से बाहर जाने के कारण ये कमी सामने आई है। ऐसे में लोगों से जल्द से जल्द रक्तदान करने की अपील की गई है।

मरीज और उनके परिवारों को हो रही परेशानी

ब्लड बैंक में यह कमी मरीज और उनके परिवारों के लिए पहले से ही मुश्किल हालात को और भी खराब कर रहा है। पिछले शुक्रवार को टाटा मेमोरियल अस्पताल में मेघना अग्रवाल की मां का ग्रेड-ए कैंसर के लिए ऑपरेशन हुआ था इस दौरान परिवार को डोनर खोजने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हालांकि उन्हें एक डोनर मिल गया, लेकिन अंतिम मौके पर वॉलंटियर का ब्लड प्रेशर ज्यादा होने के कारण उसे आयोग्य घोषित कर दिया गया था।

इसी तरह सायन और केईएम अस्पताल में इलाज करा रहे 28 साल के प्रतीक अहीरे का हीमोग्लोबिन स्तर 5 प्वाइंट से नीचे गिर जाने के कारण उनके परिवार को भी पूरे शहर में ब्लड की तलाश में भटकना पड़ा।

एक पोस्ट ने बदली तस्वीर

मरीजों की परेशानी को देखते हुए टाटा मेमोरियल अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सी. एस. परमेश ने सोशल साइट एक्स पर एक पोस्ट कर लोगों से रक्तदान की अपील की।

उनकी इस पहल का जबरदस्त असर देखने को मिला। डॉ. परमेश ने बताया कि रविवार को अलग-अलग कैंपों और अस्पताल परिसर में हुए रक्तदान से 200 यूनिट खून इकट्ठा हुआ, जबकि अस्पताल की दैनिक जरूरत 100 यूनिट की है।

इसके अलावा, कई हाउसिंग सोसायटियों ने भी आने वाले दिनों में अपने परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया है।

प्रमुख सरकारी अस्पताल में घटा स्टॉक

छुट्टियों के सीजन में हर साल मुंबई में खून की कमी देखने को मिलती है, जिससे इमरजेंसी मरीजों को परेशानी होती है और पहले से तय ऑपरेशन टालने पड़ते हैं। इस बार केईएम (KEM), नायर, सायन और कूपर जैसे बड़े सरकारी अस्पतालों में स्टॉक काफी कम हो गया है।

केईएम अस्पताल के एक अधिकारी के मुताबिक, अस्पताल को रोजाना 100 से 200 यूनिट खून की आवश्यकता होती है, लेकिन फिलहाल उनके पास केवल 100 यूनिट के आस-पास ही स्टॉक बचा है।

उन्होंने बताया कि हालिया कैंप उन्हें सामान्य की तुलना में 30 यूनिट कम खून मिला है, हालांकि जल्द ही एक और कैंप आयोजित किया जाएगा।

डॉ. परमेश ने यह भी जानकारी दी कि देशभर में रक्तदाताओं की एक 'नेशनल रजिस्ट्री' तैयार करने की दिशा में काम चल रहा है, ताकि आपात स्थिति में डोनर्स से तुरंत संपर्क किया जा सके।

BMC प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

सरकारी अस्पतालों के ब्लड बैंक में काम कर चुके अनिल गरे ने डॉ. परमेश की पहल की सराहना करते हुए BMC के रवैये पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ' उच्च पद पर बैठे अधिकारियों की अपील से लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं। डॉ. परमेश ने यह कर दिखाया, लेकिन BMC प्रशासन की ओर से ऐसा कदम शायद ही कभी दिखता है। अस्पताल के डीन या BMC कमिश्नर ऐसी सार्वजनिक अपील क्यों नहीं कर सकते?'

अनिल गरे के सवाल का जवाब देते हुए BMC अस्पताल के ब्लड बैंक में कार्यरत एक डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि सेवा नियमों के तहत निचले स्तर के कर्मचारियों को अस्पताल का डेटा सार्वजनिक करने या इस तरह की अपील जारी करने की अनुमति नहीं होती है। ऐसा कदम केवल BMC के शीर्ष प्रशासन की ओर से ही उठाया जा सकता है

यह भी पढ़ें- नवी मुंबई में लूट के बाद 61 साल के ड्राइवर की मौत, 2 नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।