'अम्मा को अलविदा कहने वाला कोई नहीं', मुंबई में 40 साल तक अकेली रहीं बुजुर्ग महिला का निधन, पड़ोसी परिजन की तलाश में जुटे
मुंबई में 40 साल से अकेली रह रहीं ललिता कृष्णमूर्ति का निधन हो गया, जिनके अंतिम समय में परिवार का ...और पढ़ें

मुंबई में 40 साल से अकेली रह रही बुजुर्ग महिला का निधन (फोटो क्रेडिट-@dmuthuk/ सोशल साइट X)
HighLights
मुंबई में 40 साल से अकेली रह रहीं बुजुर्ग महिला का निधन।
निधन के समय परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
पड़ोसी सोशल मीडिया, अखबार से परिजनों की तलाश में जुटे।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई से एक ऐसा भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने महानगरों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है।
एक बुजुर्ग महिला जो करीब 40 सालों से अकेली रह रही थी, उनका निधन हो गया। इस दौरान उनकी बेटियां या परिवार का कोई करीबी सदस्य उनके पास मौजूद नहीं था। अब सोसाइटी के पड़ोसी उनके परिजनों को ढूंढने के लिए सोशल मीडिया और अखबारों के माध्यम से गुहार लगा रहे हैं।
40 साल से मुंबई में रह रही थीं ललिता कृष्णमूर्ति
मृतक महिला की पहचान ललिता कृष्णमूर्ति के रूप में हुई है। वे मूल रूप से चेन्नई की रहने वालीं थीं और करीब 40 साल से मुंबई में अकेली रह रहीं थीं। बीते 13 नवंबर को उनका निधन हो गया। उनके गुजर जाने के बाद बिल्डिंग के पड़ोसियों ने ही मानवता दिखाते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
परिवारों की तलाश में अखबार में छपवाया नोटिस
जब काफी कोशिशों के बावजूद ललिता कृष्णमूर्ति की बेटियों और अन्य रिश्तेदारों का कोई सुराग नहीं मिला, तो पड़ोसियों ने एक अखबार में पब्लिक नोटिस प्रकाशित करवाया।
नोटिस में संपर्क विवरण साझा करते हुए विनम्र करते हुए लिखा था, 'हम उनके बच्चों, परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों या किसी ऐसे व्यक्ति से, जिसे उनके बारे में पता हो, हमसे संपर्क करने का विनम्र अनुरोध करते हैं।'
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
अखबार में छपे इस नोटिस की तस्वीर अब सोशल साइट X पर तेजी से वायरल हो रही है। 'X' यूजर किशोर सुब्रमण्यम ने बताया कि उन्होंने नोटिस में दिए गए नंबरों में से एक पर संपर्क किया था।
उन्होंने कहा कि कृष्णमूर्ति लगभग 40 सालों से अकेली रह रही थीं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके निधन के बाद, बिल्डिंग के पड़ोसियों ने ही सारी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इस घटना पर इंटरनेट यूजर्स बेहद भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह बेहद दुखद है कि एक मां इस दुनिया से चली गई और उनके पास अलविदा कहने वाला एक कोई अपना नहीं था।
जहां कुछ लोगों ने इस बात का जिक्र किया कि विदेशों में बसे बच्चे कई बार आपात स्थिति में तुरंत नहीं पहुंच पाते, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने बड़े शहरों में बुजुर्गों के बढ़ते अकेलेपन और भावनात्मक अलगाव पर गहरी चिंता जताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।