मुंबई: गोरेगांव में जहरीली केमिकल का रिसाव, पब्लिक शौचालय में दम घुटने से 2 की मौत
मुंबई के गोरेगांव पूर्व में एक सार्वजनिक शौचालय में तेज केमिकल गंध के संपर्क में आने से दो युवकों की मौत हो गई।

गोरेगांव में जहरीली केमिकल का रिसाव(फोटो: पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के गोरेगांव पूर्व में रविवार तड़के एक सार्वजनिक शौचालय में कथित तौर पर तेज केमिकल स्मेल के संपर्क में आने से दो युवकों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बीएमसी के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा गोरेगांव पूर्व के राम मंदिर स्थित मृणालताई पुल के पास पारसी पंचायत गेट के पास बने एक सार्वजनिक शौचालय में हुआ। मृतकों की पहचान प्रभाकर धनीवर (24) और भाविन देसाई (18) के रूप में हुई है।
दम घुटने से बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों को शौचालय से बहुत तेज रासायनिक गंध महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने देखा कि दोनों युवकों का दम घुट रहा है। लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। दोनों को आधी रात के आसपास ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तड़के 3:49 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के परिवारों ने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रभाकर के भाई प्रभात धनीवर ने बताया कि जब हमने दोनों को बाथरूम में बेहोश पाया, तो उनके होंठ काले पड़ चुके थे और मुंह से झाग निकल रहा था।
पास की फैक्ट्री से गैस रिसाव का अंदेशा
वनराई पुलिस स्टेशन ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा लगता है कि शौचालय के पास स्थित किसी छोटी फैक्ट्री से निकली गैस के संपर्क में आने के कारण यह हादसा हुआ। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
बीएमसी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे प्रशासन को औपचारिक जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) और बीएमसी वार्ड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
अधिकारी शौचालय परिसर और आसपास की फैक्ट्रियों की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खतरनाक गंध कहां से आई थी। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- नौकरी मिलने के बाद परिवार के साथ दिल्ली-मुंबई रहने लगी थीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, भदोही में आठ की सेवा समाप्त
