मुंबई में पार्टी के बहाने बुलाकर 17 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, सहेली समेत 4 पर मामला दर्ज
मुंबई के काशीगांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। उसकी सहेली ने उसे पार्टी के बहाने बुलाया और तीन पुरुषों ने जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मुंबई में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मुंबई में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप का आरोप।
सहेली ने पार्टी के बहाने बुलाकर तीन पुरुषों से मिलवाया।
जबरन शराब पिलाकर यौन उत्पीड़न, चार आरोपी फरार।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के काशीगांव में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। लड़की की महिला मित्र ने उसे पार्टी के बहाने से बुलाया और दो पुरुषों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
इस मामले में आरोप है कि आरोपियों ने लड़की को जबरन शराब पिलाई और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। काशीगांव पुलिस ने लड़की की उस सहेली समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुंबई में नाबालिग के साथ गैंगरेप
पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, पीड़िता की 25 साल की सहेली शीतल ने उसे रात करीब 9 बजे बुलाया और तीन पुरुषों पीयूष ठाकुर, दुष्यंत सिंह और आहत खान से मिलवाया।
ये लोग पीड़िता को विनय नगर में आहत खान के फ्लैट पर ले गए, जहां पर उसे जबरन शराब पिलाई गई। बाद में शीतल और पीयूष नीचे चले गए और लड़की को खान और दुष्यंत के साथ छोड़ दिया।
आरोप है कि इन दोनों ने आधी रात से सुबह 6 बजे के बीच बारी-बारी से उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके गले से पांच ग्राम सोने की चेन भी चोरी कर ली।
नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न की घटना तब सामने आई जब लड़की घर नहीं लौटी, जिसके बाद उसकी मां ने पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपी फरार हैं।
यह भी पढ़ें- मुंबई में प्रदूषण बढ़ने पर हाई कोर्ट सख्त, पटाखों पर लगे बैन को और बढ़ाने पर हो सकता है विचार