महाराष्ट्र में FDA का एक्शन, 19 फूड लाइसेंस निलंबित; करोड़ों रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने विशेष अभियान चलाकर पतंजलि आयुर्वेद के एक सुपर डिस्ट्रीब्यूटर सहित 19 खाद्य कारोबार संचालकों के लाइसेंस निलंबित किए हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
एफडीए ने 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए।
पतंजलि गाय का घी मिलावट के संदेह में जब्त।
9.01 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने विशेष अभियान में पतंजलि आयुर्वेद के एक सुपर डिस्ट्रीब्यूटर समेत 19 खाद्य कारोबार संचालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए किए।
एफडीए ने सोमवार को कहा कि अभियान के दौरान 114 प्रतिष्ठानों से करीब 3.53 लाख किलो खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत 9.01 करोड़ रुपये है। इनमें छत्रपति संभाजीनगर में पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर मेसर्स दिव्य महावितरक से जब्त किया गया पतंजलि गाय का घी भी शामिल है। गलत ब्रांडिंग और मिलावट के संदेह में 20.20 लाख रुपये मूल्य का 2,279.7 लीटर घी जब्त किया गया।
19 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित
एफडीए ने पिछले कुछ दिनों में मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजनों में 19 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित किए हैं। इन पर खराब साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण, कीट नियंत्रण की कमी और जरूरी रिकार्ड नहीं रखने जैसे आरोप हैं।
फार्मा कंपनियों को जारी किया नोटिस
इस बीच, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने टाटा 1एमजी मरीन कोलेजन पाउडर की लेबलिंग और विज्ञापन में कथित नियम उल्लंघन को लेकर टाटा 1एमजी हेल्थकेयर साल्यूशंस, एसीएफओ फार्मास्यूटिकल्स, अमेजन सेलर सर्विसेज और फ्लिपकार्ट इंडिया को नोटिस जारी किया है। इन कंपनियों से 30 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।