मुंबई में शादी समारोह का खाना खाने से 100 लोग बीमार, एफडीए अधिकारियों ने इकट्ठे किए नमूने
मुंबई के नाहुर में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद करीब 100 लोग फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

मुंबई में शादी समारोह का खाना खाने से 100 लोग बीमार। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
नाहुर में शादी समारोह में 100 लोग बीमार पड़े।
31 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, हालत स्थिर।
एफडीए ने खाने के नमूने लिए, पुलिस FIR की तैयारी में।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महानगर के नाहुर इलाके में रविवार को एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद करीब 100 लोग फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए। बीमार लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 31 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाने के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है।
पूर्वी मुंबई के नाहुर स्थित नालंदा बुद्ध विहार हाल में रविवार को शादी समारोह आयोजित किया गया था। इसमें करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। भोजन की आखिरी पंगत में खाना खाने वाले लोगों की तबीयत कुछ ही देर बाद बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और अन्य तकलीफें होने पर नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
एक अधिकारी के मुताबिक, बीमार लोगों में से 22 को मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल, चार बच्चों को मुलुंड के कामगार अस्पताल और पांच लोगों को विक्रोली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य प्रभावित लोगों का उपचार भी किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं।
एफडीए अधिकारियों ने भोजन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाने में किस वजह से संक्रमण हुआ। भांडुप पुलिस कैटरर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।