विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र के हिंगोली में तीन घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके, 7 किमी गहराई में था केंद्र

Published: Sat, 03 Oct 2026 03:56 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 04:04 PM (IST)

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शनिवार सुबह कुछ घंटों के भीतर भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 3.3 और 4.5 मापी गई।

महाराष्ट्र के हिंगोली में तीन घंटे के भीतर भूकंप के झटके

महाराष्ट्र के हिंगोली में तीन घंटे के भीतर भूकंप के झटके

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कई इलाकों में शनिवार सुबह कुछ ही घंटों के अंतराल पर भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया।

हालांकि, इन झटकों के कारण किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, पहला झटका सुबह करीब 7:46 बजे दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 मापी गई।

इस झटके का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गाधाला गांव में जमीन से सात किलोमीटर की गहराई में था। स्थानीय लोगों के अनुसार भूकंप के साथ जमीन के भीतर से तेज गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनाई दी थी।

दो घंटे बाद 4.5 तीव्रता का दूसरा तेज झटका

पहले झटके के करीब दो घंटे बाद क्षेत्र में 4.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक तीव्र झटका महसूस किया गया, जिसका असर जिले के कई हिस्सों में देखा गया।

औंढा नागनाथ तहसील के पिंपलदरी और आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि दूसरे झटके से कुछ मिनट पहले भी जमीन के नीचे से गड़गड़ाहट की आवाजें आई थीं। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी पास के पांगरा शिंदे गांव में इसी तरह की आवाजें सुनी गई थीं।

यह क्षेत्र पिछले छह वर्षों से समय-समय पर भूकंपीय गतिविधियों का सामना कर रहा है। इसी साल 9 जुलाई और 11 जुलाई को भी यहां क्रमशः 4.6 और 3.5 तीव्रता के भूकंप आए थे, जिसके चलते कुछ मकानों में दरारें आ गई थीं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने, घबराने से बचने और पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस की पैंट्री कार में लगी आग, कोई हताहत नहीं

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: नवी मुंबई में सोफे के गोदाम में लगी आग, कोई हताहत नहीं