विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने पर चलेगा बुलडोजर, 'प्रेयर हॉल' या 'मस्जिद' के विवाद के बीच भारी पुलिस बल तैनात

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:37 PM (IST)

मुंबई के भिंडी बाजार में दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने 'हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना' के बचे हुए हिस्सों को गिराने की BMC की तैयारी है।

दाऊद इब्राहिम की बिल्डिंग गिराने की कोशिश में BMC (फोटो क्रेडिट- जागरण ग्राफिक्स)

दाऊद इब्राहिम की बिल्डिंग गिराने की कोशिश में BMC (फोटो क्रेडिट- जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. BMC दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने को गिराने की तैयारी में।

  2. विपक्षी दल इसे 140 साल पुरानी मस्जिद बताकर विरोध कर रहे।

  3. 1993 मुंबई धमाकों की साजिश यहीं रची गई थी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन और भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के कभी पारिवारिक घर और अपराध के मुख्य केंद्र रहे मुंबई के भिंडी बाजार स्थित 'हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना' के बचे-खुचे हिस्सों को गिराने की तैयारी BMC ने कर ली है।

हालांकि BMC की इस कार्रवाई से पहले सियासी घमासान शुरू हो गया है। स्थानीय निवासियों, कांग्रेस और AIMIM नेताओं ने इसे वक्फ बोर्ड की मस्जिद बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया है और बुलडोजर रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।

16 नवंबर को जारी हुआ नोटिस

नगर निकाय ने 16 नवंबर को एक नया विध्वंस नोटिस जारी किया। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर बने 'प्रार्थना स्थल' (प्रेयर हॉल) का इस्तेमाल करने वालों से कहा गया है कि वे किसी दूसरी जगह चले जाएं, ताकि सड़क चौड़ी करने के काम के लिए इस खतरनाक ढांचे को हटाया जा सके।

दाऊद इब्राहिम से जुड़े इस ढांचे के आखिरी हिस्सों को गिराने के कदम ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस वजह से, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए BMC को बैठकें करनी पड़ीं।

विपक्ष का आरोप: '140 साल पुरानी मस्जिद पर गैर-कानूनी कार्रवाई'

नगर प्रशासन द्वारा ग्राउंड फ्लोर की जगह को 'प्रार्थना स्थल' बताए जाने पर विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

AIMIM के नेता वारिस पठान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल के स्टे ऑर्डर के बावजूद यह नोटिस जारी करना पूरी तरह गैर कानूनी है।

उन्होंने दावा किया कि यह 140 साल पुरानी मस्जिद है और इसे सिर्फ मस्जिद होने की वजह से निशाना नहीं बनाया जा सकता। पठान ने कानूनी पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय मांगा है।

कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने आरोप लगाया है कि BMC और एक ट्रस्ट ने मिलकर इस ढांचे को गिराने की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल के रोक के आदेश के बावजूद बिना 7 या 15 दिन का उचित नोटिस दिए एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामला अभी वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है।

इसी इमारत में रची गई थी 1993 मुंबई धमाकों की साजिश

भिंडी बाजार की यह इमारत 1980 के दशक तक दाऊद इब्राहिम और उसके गिरोह के लिए एक शुरुआती ठिकाने और तस्करी के माल को छिपाने के केंद्र के रूप में इस्तेमाल होती थी।

1986 में भारत से फरार होने से पहले दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार इसी मुसाफिरखाना की दूसरी मंजिल पर रहता था। यहीं पर दाऊद का निजी कमरा और दफ्तर था, जहां 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों की साजिश रची गई थी।

दाऊद के देश छोड़ने के बाद उसकी मां अमीना बी यहीं रहीं, जबकि बाद के वर्षों में उसके भाई इकबाल कासकर द्वारा भी इस स्थान का उपयोग किए जाने की खबरें सामने आई थीं।

2020 से जारी है ध्वस्तीकरण

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कभी इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर 32 दुकानें और ऊपरी मंजिलों पर 19 रिहायशी फ्लैट हुआ करते थे।

अगस्त 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद जिसमें इमारत को 'C-1' श्रेणी (बेहद जर्जर और खतरनाक) में रखा गया था।BMC ने इसे खाली कराकर ऊपरी मंजिलों को आंशिक रूप से गिरा दिया था।

दाऊद द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले पहली और दूसरी मंजिल के मुख्य कमरे पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं। अब मौके पर केवल ग्राउंड फ्लोर का विवादित हिस्सा और पहली मंजिल के करीब 10 कमरे ही बचे हैं।

गौरतलब है कि 1993 के धमाकों के बाद सरकार ने 'सफेमा' (SAFEMA) कानून के तहत दाऊद के परिवार की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी।

दाऊद की मां अमीना बी और बहन हसीना पारकर ने इसे सुप्रीम कोर्ट तक चुनौती दी थी, लेकिन 20 अप्रैल 2018 को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज करते हुए सरकार को मुंबई स्थित संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया था।

यह भी पढ़ें- मुंबई, दिल्ली और गुजरात जाने वाली ट्रेनों में दिसंबर तक लंबी वेटिंग, यात्रा की बढ़ी चुनौती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।