विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र ट्रिपल मौत मामला: क्या iPhone की EMI थी मौत की वजह? परिवार ने बताई सच्चाई

Published: Mon, 24 Aug 2026 03:59 PM (IST)Updated: Mon, 24 Aug 2026 04:34 PM (IST)

छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले में नया मोड़ आया है, जहां शुरुआती ...और पढ़ें

क्या आईफोन की EMI थी मौत की वजह? (फाइल फोटो)

क्या आईफोन की EMI थी मौत की वजह? (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 21 अगस्त को एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत का मामला अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है।

शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों में इस खौफनाक हादसे की वजह 18 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े द्वारा ईएमआई पर खरीदे गए एप्पल आईफोन की मासिक किस्त न चुका पाने का घरेलू विवाद बताया गया था।

प्रारंभिक दावों के अनुसार, किस्त के पैसों को लेकर हुए झगड़े के बाद कुणाल तिसगांव की एक पहाड़ी पर चढ़कर कूदने की धमकी दे रहा था। उसे बचाने और नीचे उतारने की कोशिश में उसके पिता मुरलीधर भी संतुलन बिगड़ने से उसके साथ 250 फुट गहरी खाई में गिर गए, और आंखों के सामने पूरे परिवार को उजड़ता देख सदमे में आई मां संगीता ने भी चट्टान से छलांग लगा दी।

हालांकि, जैसे-जैसे पुलिस तफ्तीश आगे बढ़ रही है और पीड़ितों के रिश्तेदारों के बयान सामने आ रहे हैं, यह साफ होता जा रहा है कि आईफोन की ईएमआई का विवाद इस सामूहिक त्रासदी की एकमात्र या मुख्य वजह नहीं हो सकता।

मृतका संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने आईफोन की कहानी को अफवाह करार देते हुए कहा है कि इस आत्मघाती कदम के पीछे कुछ गहरे पारिवारिक और वित्तीय कारण हो सकते हैं, जिनकी तह तक जाना अभी बाकी है

आईफोन वाली कहानी अफवाह

संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने आईफोन की कहानी को अफवाह करार दिया है और दावा किया है कि जो लोग ऐसी कहानियां फैला रहे हैं, वे कुछ नहीं जानते हैं।

अपनी बहन, भतीजे और जीजा मुरलीधर की अस्थियां लेकर घर लौट रही पाटिल ने एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका परिवार किस दर्द से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा कि संगीता चंदगुड़े, कुणाल चंदगुड़े और मुरलीधर चंदगुड़े कोई और नहीं बल्कि मेरी बड़ी बहन, मेरी बहन का बेटा और मेरे जीजा थे। आज उन तीनों को खोने के बाद हम किस मानसिक स्थिति में हैं, यह सिर्फ हम ही जानते हैं।

कुणाल द्वारा आईफोन की ईएमआई को लेकर माता-पिता को मौत के मुंह में धकेलने वाले दावों पर पाटिल ने लोगों से अफवाह न फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आप जो बातें कह रहे हैं, उससे हमें बहुत गहरी पीड़ा हो रही है।

पाटिल ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर झूठी कहानियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आप इन वीडियो के जरिए अपनी राय तो रख रहे हैं, लेकिन आप कुछ नहीं जानते। आप हमें नहीं जानते और न ही इसके पीछे की सच्चाई से वाकिफ हैं। फिर भी आप झूठी कहानियां फैलाना जारी रखे हुए हैं। क्या आपको एहसास है कि ये वीडियो मेरे माता-पिता को कितना दर्द दे रहे हैं?

उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से अपील की, "हम इस स्थिति में नहीं हैं कि यह सोच सकें कि आगे कैसे बढ़ना है... हम यह सब बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। कुछ भी कहने से पहले याद रखें, मेरे माता-पिता 75 साल के हैं और वे इन बातों का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे।"

माता-पिता के बीच तनावपूर्ण रिश्ते हो सकते हैं मुख्य वजह

मुरलीधर एक ट्रक ड्राइवर थे, जबकि संगीता एक गृहिणी थीं। इस दंपति ने छह साल पहले एक बीमारी के कारण अपने बड़े बेटे को खो दिया था। सूत्रों के अनुसार, बेटे की मौत के बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया और दोनों अलग-अलग रहने लगे।

मुरलीधर अपने काम में व्यस्त हो गए और कथित तौर पर कई महीनों तक घर नहीं आते थे। पिछले तीन महीनों से शहर से बाहर रहने के बाद, मुरलीधर घटना से दो दिन पहले ही घर लौटे थे, जिससे उनके बीच फिर से झगड़े शुरू हो गए थे।

जांच तेज होने के साथ ही पुलिस को संगीता का एक वीडियो मिला है जो तनावपूर्ण रिश्तों की ओर इशारा करता है। वायरल वीडियो में संगीता को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि तुमने संपत्ति की खातिर मुझे और मेरे बेटे को हमारे हक से वंचित किया। तुमने कभी भाइयों को एक नहीं होने दिया, ना ही माता-पिता और बच्चों को साथ रहने दिया। तुमने मेरे हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया।

बिना किसी का नाम लिए और बिना कोई संदर्भ दिए, उन्होंने आगे कहा, "तुमने मेरे परिवार में जो जहर घोला... जिस तरह तुमने मेरे बेटे को उसके माता-पिता से दूर किया... तुम्हारे इस पाप की कीमत तुम्हारी आने वाली सात पीढ़ियां चुकाएंगी। यह मेरा श्राप है।" पुलिस इस पोस्ट और इसके छिपे हुए अर्थ को समझने की कोशिश कर रही है।

जांच के घेरे में संगीता का यूट्यूब चैनल

संगीता एक सक्रिय यूट्यूबर थीं। उनके चैनल पर 29,000 से अधिक सब्सक्राइबर्स थे और वह अक्सर अपने बेटे के साथ वीडियो पोस्ट करती थीं। इस दर्दनाक घटना से एक दिन पहले संगीता ने रिश्तों और उनके मूल्यों पर एक वीडियो पोस्ट किया था।

मराठी में बनाए गए एक मिनट के वीडियो में उन्होंने कहा था कि अपना सब कुछ उस इंसान को देने के लिए तैयार रहें जो आपको महत्व देता है, जो आपके प्यार की कद्र करता है। अगर कोई व्यक्ति आपकी कद्र नहीं करता, आपके प्यार को नहीं समझता या आप उसके लिए जो करते हैं उसका मूल्य नहीं समझता, तो ऐसे इंसान के लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है।

रिश्तों की तुलना रोटी से करते हुए उन्होंने कहा कि रिश्ते तभी बेहतरीन होते हैं जब दोनों लोग उन्हें महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि रिश्तों में भी ऐसा ही है। अगर यह दोनों तरफ से चल रहा है, दोनों इसकी कद्र कर रहे हैं, तो ऐसे रिश्ते में रहें। अन्यथा, अगर एक कद्र कर रहा है और दूसरा नहीं, तो ऐसे रिश्ते का कोई अर्थ नहीं है। ऐसे रिश्ते से बाहर निकलना हमेशा बेहतर होता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुणाल एक साल पहले भी आत्महत्या करने के इरादे से इसी पहाड़ी पर गया था। उस समय पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर अपना यह कदम रोकने के लिए राजी कर लिया था और उसे सुरक्षित नीचे ले आई थी।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: 2025 में भी उसी पहाड़ी से कूदने पहुंचा था कुणाल, पुलिस जांच में हुआ खुलासा